



नवगछिया । रंगरा थाना क्षेत्र के मसुदनपुर बैसी में बीते 4 नवंबर की रात हुई जघन्य हत्या का मामला अब भी अनसुलझा है। घटना में 60 वर्षीय वृद्ध किसान शैलेंद्र मंडल, पिता स्व. मंगल मंडल, को उनके घर के बाहर मचान पर सोए हुए अवस्था में धारदार हथियार से बेरहमी से काटकर हत्या कर दी गई थी।
इस मामले में मृतक की पुतोह पूजा देवी के बयान पर रंगरा थाना कांड संख्या-267/25 दर्ज की गई थी। हालांकि घटना को एक माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद रंगरा पुलिस अपराध के मुख्य कारणों तक नहीं पहुँच पाई है और न ही हत्या में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार कर सकी है।

मृतक के परिवार को पुलिस की जांच प्रक्रिया पर संदेह है। इस बीच, मृतक के पुत्र धर्मेंद्र कुमार, पिता स्व. शैलेंद्र मंडल, ने नवगछिया एसपी और भागलपुर डीआईजी को आवेदन देकर इस हत्याकांड की जांच सीबीआई को सौंपने की मांग की है। आवेदन में रंगरा थाना क्षेत्र के साधोपुर निवासी लक्ष्मी देवी, पति स्व. भरत मंडल और विनीत कुमार, पिता स्व. शंभु मंडल को नामजद आरोपी बनाया गया है। परिवार का आरोप है कि आज भी आरोपी गांव में खुलेआम घूम रहे हैं।
परिवार का यह भी कहना है कि हत्या का मुख्य कारण स्पष्ट नहीं है, लेकिन मध्य विद्यालय मसुदनपुर बैसी के पूरब, मुसहरी टोला स्थित एक जमीन के प्लॉटिंग को लेकर शैलेंद्र मंडल का कुछ लोगों से विवाद हुआ था। इसके चार दिन बाद ही उनकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने घटनास्थल से शराब के दो डिस्पोज़ल कप और कुछ दूरी पर मृतक का बटुआ बरामद किया था। इसके अलावा परिवार ने आशंका के आधार पर कुछ लोगों के मोबाइल नंबर भी पुलिस को उपलब्ध कराए, फिर भी अभी तक अपराधियों तक पहुंच नहीं हो पाई है।

परिवार का आरोप है कि आरोपी विभिन्न हथकंडे अपनाकर अपने बचाव में लगे हैं और ग्रामीणों के माध्यम से पीड़ित परिवार को धमकियां दे रहे हैं, जिससे पूरे परिवार में भय और दहशत का माहौल है। ऐसे में परिवार ने मामले की सीबीआई जांच कराने और उनके सुरक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
इस मामले पर नवगछिया एसपी प्रेरणा कुमार ने बताया कि हत्या की जांच लगातार चल रही है और जल्द ही अपराधियों का उद्भेदन कर उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।













