



नवगछिया के गोपालपुर प्रखंड अंतर्गत सैदपुर गांव में आयोजित भागवत कथा के विराम दिवस पर प्रभु भक्ति की अविरल धारा बहती रही। कार्यक्रम में कथा वाचक संत नारायण दास महाराज ने अपने प्रवचन में कहा कि भागवत कथा और प्रभु की भक्ति मनुष्य को भवसागर से पार लगाने की शक्ति रखती है। उन्होंने कहा कि जब भी समय मिले, प्रभु नाम संकीर्तन अवश्य करना चाहिए तथा प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में सात्विक विचारधारा को अपनाना चाहिए।

संत नारायण दास महाराज ने कहा कि कलिकाल में लोग अनेक प्रकार की मानसिक और सामाजिक समस्याओं से अवसादग्रस्त होते जा रहे हैं। ऐसे में प्रभु नाम की भक्ति ही एकमात्र उपाय है, जो मन और जीवन दोनों को शांति प्रदान कर सकती है।

कथा के दौरान भजन-कीर्तन का भी आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल हुए और प्रभु भक्ति में लीन होकर भजन का आनंद उठाया।
मौके पर ग्रामीण भाजपा के वरिष्ठ नेता नितेंद्र सिंह उर्फ गुलाब सिंह, रोशन राय, अंजनी कुमार सिंह, प्रमोद कुमार सिंह, आस्तिक, आदित्य सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे।













