



भागलपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र में स्थित एक शिव मंदिर में चोरी की घटना सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मंदिर परिसर में अज्ञात चोरों द्वारा दानपेटी तोड़कर नकदी समेत अन्य सामान चोरी किए जाने का मामला प्रकाश में आया है।

मंदिर से जुड़े एक व्यक्ति द्वारा इस संबंध में जगदीशपुर थाना में लिखित आवेदन दिया गया है। आवेदन के अनुसार, अज्ञात चोर मंदिर में घुस आए और दानपेटी को तोड़कर उसमें रखे करीब 60 से 70 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। इसके अलावा मंदिर में रखे कुछ अन्य सामान के भी गायब होने की जानकारी दी गई है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश और नाराजगी देखी गई। लोगों का कहना है कि मंदिर जैसे पवित्र स्थल में चोरी की घटना बेहद चिंताजनक है और इससे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है। ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने पुलिस से जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है।
फिलहाल जगदीशपुर थाना पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और घटना की जांच में जुट गई है। पुलिस द्वारा आसपास के क्षेत्रों में छानबीन की जा रही है तथा चोरों की पहचान कर शीघ्र कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया गया है।













