


भागलपुर के जोगसर थाना क्षेत्र अंतर्गत माणिक सरकार घाट पर शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया। रील बनाने के दौरान एक युवक गंगा नदी में डूब गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल जोगसर थाना को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और एसडीआरएफ को घटना की जानकारी दी गई। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम द्वारा गंगा नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन काफी प्रयास के बावजूद युवक का पता नहीं चल सका। अंधेरा हो जाने के कारण तलाश अभियान अस्थायी रूप से रोक दिया गया।
अगले दिन पुनः सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद करीब 24 घंटे बाद युवक का शव गंगा नदी से बरामद किया गया। मृतक की पहचान माणिक सरकार घाट के पास रहने वाले प्रवीण कुमार, पिता मंगल कुमार के रूप में की गई है।
इस घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय निवासी एवं भाजपा जिला अध्यक्ष रंजीत कुमार सोलंकी घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे और उन्होंने स्वयं गंगा में उतरकर युवक को खोजने का प्रयास किया। उन्होंने लोगों से अपील की कि नदी के किनारे सतर्कता बरतें और जोखिम भरे स्टंट या रील बनाने से बचें।
हैरान करने वाली बात यह रही कि मृतक का घर घटनास्थल के बेहद पास होने के बावजूद उसके परिजनों को इस हादसे की जानकारी शव बरामद होने के बाद ही मिल सकी। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।













