5
(1)

शराब, स्मैक और गाजा भी होता है सप्लाई, स्थानीय पुलिस अंजान

सुबह से शाम तक होती है धनवर्षा, हर रोज दाव पर लगते हैं लाखों रुपये

सनलाइट मैदान, जहाज घाट मधुरापुर, बलाहा गंगा घाट, जेपी कॉलेज रोड, मधुरापुर ठाकुरबाड़ी और गनौल में जुआ का अड्डा रहता है गुलजार

बसंत कुमार की रिपोर्ट

नवगछिया : नारायणपुर प्रखंड के भवानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कई सार्वजनिक स्थानों पर शाम ढलते ही जुए के अड्डे गुलजार हो जाते हैं। इन अड्डों पर न सिर्फ स्थानीय जुआरी बल्कि क्षेत्र के छंटे हुए बदमाशों के साथ-साथ कुछ सफेदपोश लोगों की भी मौजूदगी बताई जा रही है। बताया जाता है कि सुबह से लेकर देर शाम तक यहां जुए का खेल चलता है, जिसमें प्रतिदिन लाखों रुपये दांव पर लगाए जाते हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस को सूचना दिए जाने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पा रही है।

जानकारी के अनुसार सनलाइट मैदान, जहाज घाट मधुरापुर, बलाहा गंगा घाट, जेपी कॉलेज रोड, मधुरापुर रामजानकी ठाकुरबाड़ी तथा गनौल क्षेत्र में जुए के अड्डे नियमित रूप से संचालित हो रहे हैं। इन स्थानों पर खुलेआम जुए के साथ-साथ शराब, स्मैक और गांजा की आपूर्ति भी किए जाने की चर्चा है।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक सनलाइट मैदान परिसर में सुबह से शाम तक जुए का खेल चलता है, जहां कुछ प्रभावशाली लोगों के इशारे पर अड्डा संचालित किया जा रहा है। यहां रात के समय करीब पांच लाख रुपये तक का खेल होने की बात सामने आ रही है। वहीं चकरामी, बलाहा और जहाज घाट मधुरापुर के गंगा तट पर सुबह नौ बजे से देर रात तक जुआ खेला जाता है। इन अड्डों पर जुआरियों के लिए देशी-विदेशी शराब, स्मैक और गांजा भी आसानी से उपलब्ध कराए जाते हैं।

रामजानकी ठाकुरबाड़ी मधुरापुर, जेपी कॉलेज रोड के किनारे तथा गनौल में गंगा किनारे स्थित बगीचों और एक जर्जर भवन में दिन-रात जुए का खेल चलने की जानकारी मिल रही है। बताया जाता है कि इन अड्डों के आसपास निगरानी के लिए छोटे बच्चों और अनुभवी लोगों को तैनात किया जाता है, जो पुलिस की आहट मिलते ही संचालकों को सूचना दे देते हैं।

सूत्रों के अनुसार इन जुआ अड्डों पर नारायणपुर, मधुरापुर, बलाहा, बिरबन्ना, चौहद्दी, शाहपुर, नवटोलिया सहित आसपास के कई गांवों तथा गंगा पार दियारा क्षेत्र से भी जुआरी पहुंचते हैं। कई सरकारी स्थलों को भी जुए के अड्डे के रूप में इस्तेमाल किए जाने का आरोप है।

इस संबंध में भवानीपुर थानाध्यक्ष, पुनि शंभु कुमार ने बताया कि कुछ स्थानों पर जुआ खेले जाने की सूचना मिली है। पुलिस द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही है और क्षेत्र से जुए के अड्डों का संचालन पूरी तरह बंद कराया जाएगा। साथ ही अड्डा संचालकों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजा जाएगा।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: