



भागलपुर। संन्होला थाना क्षेत्र अंतर्गत सीढ़ीचक के पास रविवार देर शाम एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई। अज्ञात चार चक्का वाहन ने दो पहिया वाहन सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

मृतक की पहचान गौतम कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार गौतम अपने भांजे का जन्मदिन मनाने गया था। समारोह के दौरान कुछ आवश्यक सामान लाने के लिए वह दो पहिया वाहन से बाहर निकला था। इसी दौरान सीढ़ीचक के पास अनियंत्रित चार चक्का वाहन ने उसे टक्कर मार दी।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल गौतम कुमार को इलाज के लिए संन्होला अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए भागलपुर स्थित मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान सोमवार सुबह उसकी मौत हो गई।

मृतक के भाई मनीष मंडल ने बताया कि जब गौतम को मायागंज अस्पताल लाया गया था, उसी समय डॉक्टरों ने उसकी स्थिति को अत्यंत नाजुक बताया था। उन्होंने हर संभव प्रयास किया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
घटना के बाद परिजनों ने मायागंज अस्पताल परिसर स्थित बरारी थाना कैंप में यूडी केस दर्ज कराया। पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। वहीं, अज्ञात वाहन और फरार चालक की तलाश में पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।













