5
(1)

भागलपुर। तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) में सेमेस्टर-4 की परीक्षा के दौरान गुरुवार को उस समय हंगामा मच गया, जब हिंदी विषय की परीक्षा में सेमेस्टर-3 से संबंधित प्रश्न पूछे जाने का आरोप सामने आया। इस त्रुटि से आक्रोशित छात्राओं ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा का बहिष्कार कर दिया और विरोध प्रदर्शन करते हुए सीधे विश्वविद्यालय परिसर स्थित परीक्षा विभाग पहुंच गईं।

छात्राओं का आरोप है कि हिंदी विषय के प्रश्नपत्र में कई ऐसे प्रश्न शामिल थे, जो सेमेस्टर-4 के निर्धारित पाठ्यक्रम से बाहर थे और पूर्ववर्ती सेमेस्टर-3 के सिलेबस से संबंधित थे। परीक्षा प्रारंभ होते ही जैसे ही छात्राओं को इस गलती की जानकारी हुई, परीक्षा केंद्रों पर अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। बड़ी संख्या में छात्राएं परीक्षा कक्ष से बाहर निकल आईं और नारेबाजी करते हुए विश्वविद्यालय की ओर रवाना हो गईं।

विश्वविद्यालय परिसर पहुंचकर आक्रोशित छात्राओं ने परीक्षा नियंत्रक का घेराव किया और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। साथ ही छात्राओं ने संबंधित परीक्षा को तत्काल रद्द कर पुनः नए प्रश्नपत्र के साथ दोबारा आयोजित करने की मांग भी रखी।

प्रदर्शन कर रहीं छात्रा कोमल ने कहा कि यह गंभीर लापरवाही है और इससे उनकी मेहनत व भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है। उन्होंने कहा कि यदि प्रश्नपत्र में पाठ्यक्रम से बाहर के प्रश्न पूछे जाएंगे, तो छात्र-छात्राएं परीक्षा कैसे सही ढंग से दे पाएंगे।

करीब आधे घंटे तक परीक्षा नियंत्रक का घेराव जारी रहा, जिससे विश्वविद्यालय परिसर में तनावपूर्ण माहौल बना रहा। सूचना मिलने पर विश्वविद्यालय थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में करने में जुट गई। पुलिस एवं विश्वविद्यालय प्रशासन के अधिकारियों ने छात्राओं को शांत कराने का प्रयास किया और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

फिलहाल छात्राएं परीक्षा में हुई इस गंभीर चूक को लेकर कार्रवाई की मांग पर अड़ी हुई हैं, जबकि विश्वविद्यालय प्रशासन मामले की जांच और समाधान की प्रक्रिया में जुटा बताया जा रहा है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: