



नवगछिया। तिरहुत स्नातक क्षेत्र के विधान पार्षद, युवा, कर्मठ एवं प्रखर वक्ता बंशीधर ब्रजवासी का नवगछिया आगमन पर शिक्षकों ने बड़े हर्षोल्लास के साथ स्वागत किया। वे सोमवार को सिंघिया मकंदपुर स्थित चंदन के आवास पर शिष्टाचार मुलाकात के लिए पहुंचे, जहां बड़ी संख्या में शिक्षक साथियों ने उनका अभिनंदन किया।

इस अवसर पर शिक्षकों ने अपने हितों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों को विधान पार्षद के समक्ष रखा। सभी मांगों पर बंशीधर ब्रजवासी ने सहमति जताई और आश्वासन दिया कि वे इन मुद्दों को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाएंगे। बातचीत के दौरान शिक्षकों के प्रति उनका वही पुराना स्नेह, संवेदनशीलता और संघर्षशील भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।

शिष्टाचार मुलाकात में अमित, अमन, चंद्रभानु कुमार, रामेश्वर, मनोज सर, अखिलेश सर, अमित कुमार मुकुल सहित कई अन्य शिक्षक उपस्थित थे। सभी शिक्षकों ने एक स्वर में विधान पार्षद का आभार व्यक्त किया और उनके द्वारा शिक्षकों के हितों के लिए सड़क से सदन तक निरंतर आवाज उठाने के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण और सकारात्मक माहौल में संपन्न हुआ, जिससे उपस्थित शिक्षकों में नई उम्मीद और उत्साह का संचार हुआ।














