



नवगछिया। नवगछिया थाना के बस स्टैंड के पास रविवार को एक मोटरसाइकिल दुर्घटना में तीन व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में पूर्णिया जिला के अबकरनगर थाना के डरबा निवासी रंधीर शर्मा के पुत्र प्रवेश शर्मा, पूर्णिया जिला के रूपौली थाना के शंकर मंडल के पुत्र दिलीप कुमार मंडल और मधेपुरा जिला के उदाकिशनगंज थाना के बसगढ़ा निवासी श्रवण मंडल के पुत्र छोटू कुमार शामिल हैं।

स्थानीय लोगों ने तुरंत तीनों घायलों को उपचार के लिए अनुमंडल अस्पताल, नवगछिया पहुंचाया। अस्पताल के चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक इलाज किया। डॉक्टरों ने घायल छोटू कुमार और दिलीप कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए भागलपुर अस्पताल रेफर कर दिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर पूर्णिया जा रहे थे, तभी नवगछिया बस स्टैंड के पास बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए और स्थानीय लोगों ने समय रहते उन्हें अस्पताल पहुंचाकर उनकी जान बचाई। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।















