



नवगछिया में भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी के जन्मदिन के अवसर पर स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल होने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ऐतिहासिक और जनकल्याणकारी कदम को साकार रूप देते हुए नवगछिया आरपीएफ ऑफिस, 2 नंबर प्लेटफार्म, नया टोला, स्टेशन रोड, नवगछिया में प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र की एक नई शाखा का शुभारंभ किया जाएगा।

इस अवसर पर जगत गुरु परमहंस आगमानंद जी महाराज के सान्निध्य में गुरुपूजन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसके उपरांत जन औषधि केंद्र का विधिवत उद्घाटन होगा। यह केंद्र आम लोगों को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र में 2000 से अधिक प्रकार की आवश्यक दवाएं तथा लगभग 300 प्रकार के सर्जिकल सामान उपलब्ध कराए जाएंगे। विशेष बात यह है कि ये सभी दवाएं और सामग्री बाजार मूल्य की तुलना में 50 से 80 प्रतिशत तक कम दरों पर उपलब्ध होंगी, जिससे आमजन को बड़ी राहत मिलेगी।
स्थानीय लोगों का मानना है कि इस जन औषधि केंद्र के खुलने से खासकर गरीब, मजदूर और मध्यम वर्ग के परिवारों को स्वास्थ्य संबंधी खर्चों में उल्लेखनीय कमी आएगी। साथ ही नवगछिया रेलवे स्टेशन आने जाने वाले मरीजों को भी कम कीमत पर दवाएं सहजता से मिल सकेंगी।
भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती के अवसर पर जनहित में उठाया गया यह कदम नवगछिया के लिए एक सौगात के रूप में देखा जा रहा है, जो सरकार की आमजन तक सुलभ और किफायती स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।















