



भागलपुर। पीरपैंती प्रखंड के हरिनकोल पंचायत में प्रस्तावित मॉडर्न पंचायत सरकार भवन के निर्माण को लेकर चल रहा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। अनोखे विरोध प्रदर्शन के बाद अब इस मामले ने एक नया मोड़ ले लिया है। पंचायत के मुखिया दीपक कुमार सिंह की अध्यक्षता में सामुदायिक भवन में ग्राम सभा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।

ग्राम सभा में मुखिया दीपक कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि पंचायत और ग्रामीणों की बातों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है तथा नियमों की अनदेखी कर भवन निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। उन्होंने कहा कि ग्राम सभा के निर्णयों की अवहेलना किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जाएगी।
ग्राम सभा के समापन के बाद मुखिया और सैकड़ों ग्रामीण प्रस्तावित पंचायत सरकार भवन के निर्माण स्थल पर पहुंचे। वहां लगभग 35 फीट क्षेत्र में मिट्टी भराई कर अतिक्रमण को हटाया गया। इस दौरान मुखिया दीपक सिंह ने प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराते हुए अपने माथे पर मिट्टी उठाकर स्वयं मिट्टी भराई की। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन पंचायत के अधिकारों और ग्राम सभा के निर्णय की रक्षा के लिए किया जा रहा है।

मुखिया ने आरोप लगाया कि पंचायत सरकार भवन के निर्माण में ठेकेदार और संबंधित अधिकारी मनमाने तरीके से कार्य कराना चाहते हैं, जो किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने बताया कि ग्राम सभा द्वारा पहले ही पंचायत सरकार भवन के लिए 55 फीट गुणा 160 फीट भूमि की स्वीकृति दी जा चुकी है, जबकि शेष भूमि ग्रामीणों के आवागमन के लिए रास्ते के रूप में सुरक्षित रखी गई है। इसके बावजूद भवन निर्माण विभाग और ठेकेदार द्वारा इससे अधिक क्षेत्र में निर्माण करने का प्रयास किया जा रहा है।
मुखिया दीपक सिंह ने यह भी कहा कि इस पूरे मामले को लेकर लगभग छह माह पूर्व जिलाधिकारी को लिखित शिकायत दी गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने एक स्वर में कहा कि जब तक ग्राम सभा के निर्णय के अनुरूप निर्माण कार्य नहीं होगा, तब तक विरोध प्रदर्शन और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रहेगी।













