



भागलपुर जिला के सबौर प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत प्रशस्तडीह घोघा में दिवंगत माता मेनुका देवी की पुण्य स्मृति में श्राद्ध, द्वादशा एवं शांति भोज का आयोजन पूर्ण श्रद्धा, भक्ति और विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ सेवा और सामाजिक दायित्व का भी सुंदर उदाहरण देखने को मिला। आयोजन में आसपास के गांवों के श्रद्धालु, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

परिजनों से प्राप्त जानकारी के अनुसार माता मेनुका देवी का स्वर्गवास 16 दिसंबर 2025, मंगलवार को रात्रि 10:06 बजे हुआ था। उनके देहावसान से पूरे परिवार एवं क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त हो गई थी। दिवंगत आत्मा की शांति एवं पुण्य प्राप्ति के उद्देश्य से पाण्डेय परिवार द्वारा परंपरानुसार श्राद्ध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। 26 दिसंबर 2025 को क्षौर कर्म एवं दश कर्म विधिपूर्वक संपन्न हुआ, वहीं 27 दिसंबर 2025 को एकादशा श्राद्धकर्म किया गया। इन धार्मिक अनुष्ठानों में ब्राह्मणों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण, पूजा-पाठ एवं पितृ तर्पण किया गया।

श्राद्ध कार्यक्रमों की कड़ी में 28 दिसंबर 2025, रविवार को द्वादशा के अवसर पर शांति भोज का आयोजन किया गया। इस अवसर पर लगभग 5000 लोगों को ससम्मान बैठाकर भोजन कराया गया। शांति भोज में दूर-दराज से आए लोगों ने भाग लिया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इसके साथ ही लगभग 5000 की संख्या में समाज के लोग, जरूरतमंद एवं असहाय लोगों के बीच वस्त्र, कंबल एवं अन्य आवश्यक सामग्री का वितरण भी किया गया, जिससे सेवा भाव और मानवीय संवेदनाओं की झलक देखने को मिली।
पूरे आयोजन के दौरान धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने गंगा-लाभ एवं गीता के श्लोकों का स्मरण करते हुए दिवंगत आत्मा के मोक्ष की कामना की। उपस्थित लोगों ने पाण्डेय परिवार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में आपसी सहयोग, करुणा और परंपराओं के प्रति सम्मान को मजबूत करते हैं।
इस अवसर पर शोकाकुल परिवार के अभय पाण्डेय, अजय पाण्डेय, विजय पाण्डेय, धनंजय पाण्डेय, विवेकानंद पाण्डेय, अशोक पाण्डेय सहित समस्त पाण्डेय परिवार के सदस्य मौजूद रहे। अग्निकर्ता के रूप में विशोका पाण्डेय ने धार्मिक कर्तव्यों का निर्वहन किया। आयोजन की संपूर्ण व्यवस्था में वीरभद्र पाण्डेय एवं हरेराम पाण्डेय का विशेष योगदान रहा, जिनके प्रयास से कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।

आयोजन के अंत में उपस्थित जनसमूह ने दिवंगत माता मेनुका देवी जी की आत्मा की शांति हेतु सामूहिक प्रार्थना की तथा शोकसंतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से कामना की। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक रहा, बल्कि सामाजिक सेवा और मानवीय मूल्यों का भी प्रेरणादायक उदाहरण बना। उक्त जानकारी गुलशन कुमार उर्फ अंकुल पांडे ( अवतार फ्लैक्स नवगछिया ) के द्वारा दी गई ।













