



नवगछिया। श्याम भक्त मंडल न्यास, नवगछिया की ओर से श्रद्धा और भक्ति के माहौल में श्याम महोत्सव का दो दिवसीय भव्य आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन बाल भारती, पोस्ट ऑफिस रोड, नवगछिया के प्रांगण में 31 दिसंबर 2025 से प्रारंभ होकर 1 जनवरी 2026 को देर रात्रि तक चलेगा।

आयोजकों ने बताया कि इस श्याम महोत्सव में श्रद्धालुओं के लिए कई विशेष आकर्षण रखे गए हैं। कार्यक्रम के दौरान छप्पन भोग, बाबा का अलौकिक शृंगार, भव्य दरबार, 30 घंटे की अखंड ज्योत, विशाल भंडारा, दिव्य दर्शन के साथ-साथ बाहर से पधार रहे प्रसिद्ध भजन गायकों द्वारा भजनों की अमृतधारा प्रवाहित की जाएगी।

इस महोत्सव में देश के विभिन्न शहरों से आए नामचीन भजन गायक अपने सुमधुर भजनों से श्रद्धालुओं को भावविभोर करेंगे। इनमें मयंक अग्रवाल (सोनीपत), संजय शर्मा (कोलकाता), स्वरूपा केजरीवाल (नवगछिया), आशुपाल (दिल्ली) और युवराज भारद्वाज (नवगछिया) प्रमुख रूप से शामिल हैं, जो बाबा श्याम के भजनों की सुंदर प्रस्तुति देंगे।
आयोजन स्थल को भव्य रूप देने और बाबा के दरबार को आकर्षक ढंग से सजाने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं। इस कार्य में भागलपुर के प्रसिद्ध गणेश माली फूलवाले की टीम, बंगाल से आए कुशल कारीगरों के साथ-साथ बिहार टेंट के कारीगर पूरे जोश और उत्साह के साथ जुटे हुए हैं।
श्याम महोत्सव को सफल बनाने में श्याम भक्त मंडल न्यास के कई सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। इनमें सुभाष वर्मा, अरुण कुमार यादुका, कमल कुमार टिबरेवाल, रूपेश कुमार रुंगटा, मनोज कुमार चौधरी, अमित कुमार चिरानियां, प्रदीप डोकानिया, सौरभ नारनोली, केशव सरार्फ, पूजा रुंगटा, अशोक केडिया, शंभु रुंगटा, संतोष यादुका, शिव कुमार डोकानियां, अनिल केजरीवाल, रवि सर्राफ, महेश चिरानियां सहित अन्य श्रद्धालु एवं कार्यकर्ता शामिल हैं।

आयोजकों ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर श्याम महोत्सव में शामिल होने और बाबा श्याम का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।














