



भागलपुर में सुबह से लेकर देर रात तक कड़ाके की ठंड का प्रकोप लगातार जारी है। बढ़ती ठंड ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। खासकर खुले आसमान के नीचे जीवन बिताने वाले बेसहारा और जरूरतमंद लोगों के लिए यह मौसम गंभीर परेशानी का कारण बन गया है।

इसी को ध्यान में रखते हुए भागलपुर के स्टेशन चौक पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार द्वारा जरूरतमंदों के बीच कंबल का वितरण किया गया। इस दौरान स्टेशन परिसर सहित आसपास के खुले स्थानों पर रहने वाले लोगों को ठंड से बचाव के लिए कंबल उपलब्ध कराए गए, ताकि उन्हें ठिठुरन से कुछ राहत मिल सके।

सदर अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार ने बताया कि यह अभियान भागलपुर जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी के निर्देश पर चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को प्राथमिकता दी जा रही है, जिनके पास रहने के लिए कोई स्थायी ठिकाना नहीं है और जो खुले आसमान के नीचे रात बिताने को मजबूर हैं। प्रशासन द्वारा ऐसे जरूरतमंदों को चिन्हित कर लगातार कंबल वितरण किया जा रहा है।
प्रशासन की इस पहल से जरूरतमंदों में राहत देखने को मिली है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कड़ाके की ठंड को देखते हुए आगे भी इस तरह के राहत कार्य लगातार जारी रहेंगे, ताकि कोई भी जरूरतमंद ठंड की वजह से असहाय न रह जाए।













