



भागलपुर में लगातार बढ़ती ठंड और भीषण शीतलहर को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। शुक्रवार को जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी के नेतृत्व में डीआरडीए परिसर में ठंड से प्रभावित गरीब, असहाय एवं बेघर लोगों के बीच कंबल का वितरण किया गया।

कंबल वितरण कार्यक्रम के दौरान जिला प्रशासन की पूरी टीम मौके पर मौजूद रही और व्यवस्थाओं की निगरानी की गई। इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले में कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति ठंड के कारण प्रभावित न रहे। उन्होंने चिन्हित स्थलों पर त्वरित राहत पहुंचाने तथा जरूरतमंद लोगों की पहचान कर उन्हें तत्काल सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।

जिलाधिकारी ने कहा कि शीतलहर के दौरान गरीब और बेसहारा लोगों की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट को ध्यान में रखते हुए जिले में अलाव की समुचित व्यवस्था, रैन बसेरों की सुविधा तथा रात के समय विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम और सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से राहत कार्य लगातार चलाए जा रहे हैं, ताकि ठंड से प्रभावित लोगों को समय पर सहायता मिल सके।
इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग को भी पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि ठंड से जुड़ी बीमारियों से पीड़ित लोगों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। जिला प्रशासन द्वारा सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह सहित अन्य वरीय प्रशासनिक अधिकारी, नगर निगम के प्रतिनिधि तथा संबंधित विभागों के कर्मचारी उपस्थित थे। कंबल प्राप्त कर जरूरतमंदों के चेहरे पर राहत और संतोष स्पष्ट रूप से देखने को मिला।














