



नवगछिया । नवगछिया क्षेत्र के सहौरा में पौष पूर्णिमा के पावन अवसर पर प्रसिद्ध कौशल्या मेला भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ मां कौशल्या का विधिवत पूजन किया जाएगा, जिसके साथ ही तीन दिवसीय मेले का शुभारंभ होगा।

मां कौशल्या नाट्य कला परिषद की ओर से मेले की तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। मेला समिति के सदस्यों और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से आयोजन को भव्य और आकर्षक रूप देने के लिए सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम, धार्मिक अनुष्ठान और विविध व्यापारिक स्टॉल भी स्थापित किए जाएंगे।

पौष पूर्णिमा के दिन दूर-दराज़ क्षेत्रों से श्रद्धालु मां कौशल्या के दर्शन के लिए भारी संख्या में पहुंचते हैं। ग्रामीणों के बीच भी मेले को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिलता है, क्योंकि यह आयोजन क्षेत्र में धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक मेलजोल का भी प्रतीक बन चुका है।
उल्लेखनीय है कि विगत कई वर्षों से सहौरा में इस मेले का नियमित आयोजन किया जा रहा है और यह मेला अब क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान का अभिन्न हिस्सा बन गया है। मेले के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं के लिए उचित व्यवस्थाओं, सुरक्षा और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाएगा, ताकि हर व्यक्ति सुखद अनुभव के साथ इस धार्मिक उत्सव का आनंद ले सके।














