0
(0)

भागलपुर। 14 से 17 जनवरी तक तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली स्थित भरथिदासन विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाली ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी बॉल बैडमिंटन प्रतियोगिता को लेकर तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) की पुरुष बॉल बैडमिंटन टीम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के उद्देश्य से विश्वविद्यालय खेल परिसर में टीम का विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया है।

इस प्रशिक्षण शिविर में राष्ट्रीय खिलाड़ी अविनाश कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों को गहन अभ्यास कराया जा रहा है। शिविर के दौरान खिलाड़ियों की शारीरिक फिटनेस, स्ट्रोक तकनीक, कोर्ट मूवमेंट तथा मैच रणनीति पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि टीम राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में मजबूत चुनौती पेश कर सके।

प्रशिक्षक अविनाश कुमार शर्मा ने बताया कि टीम में शामिल सभी खिलाड़ी अनुशासन के साथ नियमित अभ्यास कर रहे हैं और प्रतियोगिता को लेकर उनमें खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि टीम का लक्ष्य केवल प्रतियोगिता में भाग लेना नहीं, बल्कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करना है।

विश्वविद्यालय खेल परिषद के सचिव संजय कुमार जसवाल, अभिमन्यु प्रसाद सिंह, बिपिन प्रसाद मंडल एवं राज्य प्रवक्ता सह जिला सचिव ज्ञानदेव कुमार ने प्रशिक्षण शिविर में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों को हर संभव सुविधा और सहयोग उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। यह प्रशिक्षण शिविर आगामी सात दिनों तक चलेगा, जिसके बाद टीम प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए तिरुचिरापल्ली रवाना होगी।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: