0
(0)

भागलपुर ।
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग से जुड़ी महत्वपूर्ण सेवाओं को आम लोगों तक समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पहुंचाने के उद्देश्य से 5 जनवरी 2026 को भागलपुर में भूमि सुधार जन कल्याण संवाद का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपमुख्यमंत्री सह मंत्री, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, बिहार सरकार विजय कुमार सिन्हा करेंगे।

इस अवसर पर राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के प्रधान सचिव सीके अनिल, सचिव गोपाल मीणा, विशेष सचिव अरुण कुमार सिंह, अपर सचिव आजीव वत्सराज, उप निदेशक मोना झा, सहायक निदेशक सुधांशु शेखर, सुमित कुमार आनंद, विशेष कार्य पदाधिकारी अनुपम प्रकाश, सहायक निदेशक सह जनसंपर्क पदाधिकारी जूही कुमारी, आईटी मैनेजर आनंद शंकर सहित राजस्व मुख्यालय के अन्य वरीय पदाधिकारी भी उपस्थित रहेंगे।

भूमि सुधार जन कल्याण संवाद का आयोजन टाउन हॉल, भागलपुर में किया जाएगा। कार्यक्रम की पहली पाली पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 2:30 बजे तक चलेगी, जिसमें आम जनता की समस्याएं सुनी जाएंगी। इस दौरान विभाग से संबंधित ऑनलाइन सेवाओं, दाखिल-खारिज, परिमार्जन प्लस, ई-मापी सहित अन्य मामलों से जुड़ी शिकायतों पर चर्चा की जाएगी। कुछ चयनित आवेदनों पर अंचलवार मौके पर ही अंचलाधिकारी और राजस्व कर्मचारियों को आवेदनकर्ता के समक्ष बैठाकर समस्या का समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। इस सत्र में सभी भूमि सुधार उप समाहर्ता, अंचल अधिकारी, राजस्व अधिकारी एवं संबंधित राजस्व कर्मचारी उपस्थित रहेंगे।

कार्यक्रम में शामिल होने वाले आवेदकों का पंजीकरण सुबह 9 बजे से 10:30 बजे तक टाउन हॉल में अंचलवार लगाए गए काउंटरों पर किया जाएगा। आवेदन के साथ अंचल का नाम, आवेदक का नाम, स्पष्ट पता एवं मोबाइल नंबर अंकित करना अनिवार्य होगा, ताकि आवेदन की प्रगति की जानकारी मैसेज के माध्यम से दी जा सके। आवेदकों से यह भी अपील की गई है कि जिस समस्या के समाधान हेतु वे संवाद में आ रहे हैं, उससे संबंधित पूर्व में दिए गए किसी भी आवेदन की प्रति अवश्य संलग्न करें। प्राप्त सभी आवेदनों को पोर्टल पर अपलोड कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

द्वितीय पाली में अपराह्न 3:30 बजे से अपराह्न 5 बजे तक टाउन हॉल, भागलपुर में राजस्व विभाग के पदाधिकारियों एवं कर्मियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में प्रमंडलीय आयुक्त, जिला समाहर्ता, अपर समाहर्ता, सभी भूमि सुधार उप समाहर्ता, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, बंदोबस्त पदाधिकारी, सभी अंचलाधिकारी, राजस्व अधिकारी एवं राजस्व कर्मचारी शामिल होंगे। बैठक में दाखिल-खारिज, परिमार्जन प्लस, ई-मापी सहित सभी ऑनलाइन सेवाओं की स्थिति की आंकड़ों के साथ समीक्षा की जाएगी। अभियान बसेरा-2 की प्रगति की भी विशेष समीक्षा होगी।

समीक्षा बैठक के दौरान सभी अंचल अधिकारी, अमीन एवं राजस्व कर्मचारियों की उपस्थिति अनिवार्य होगी। चिकित्सा अवकाश एवं उपार्जित अवकाश को छोड़कर पूर्व में स्वीकृत सभी अवकाश निरस्त माने जाएंगे। इसके साथ ही 75 दिनों से अधिक लंबित सभी दाखिल-खारिज के आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर निबटाने का निर्देश दिया गया है। महाअभियान से संबंधित सभी दस्तावेजों को स्कैन कर सोमवार को होने वाली समीक्षा बैठक से पूर्व अपलोड करना भी अनिवार्य किया गया है।

उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने स्पष्ट किया है कि भूमि सुधार जन कल्याण संवाद का उद्देश्य दाखिल-खारिज, परिमार्जन प्लस और ई-मापी जैसी ऑनलाइन सेवाओं को समय सीमा के भीतर उपलब्ध कराना है, ताकि भूमि अभिलेख अद्यतन हो सकें और राज्य में चल रहे भूमि सर्वेक्षण कार्य को गति मिले। इससे भूमि विवादों में भी उल्लेखनीय कमी आएगी और प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक संवेदनशील, पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाया जा सकेगा।

उन्होंने आम जनता को आश्वस्त किया कि भविष्य में भूमि सुधार से जुड़े कार्यों के लिए किसी को परेशान नहीं होने दिया जाएगा। सभी जिलों में राजस्व ग्रामवार कार्यों की समीक्षा की जा रही है और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समय पर मामलों के निष्पादन के निर्देश दिए जा रहे हैं। प्रमंडल मुख्यालयों में चल रही समीक्षा के बाद जिलावार समीक्षा की जाएगी। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधान सचिव सीके अनिल के नेतृत्व में राजस्व मुख्यालय के अधिकारी इस अभियान को निरंतर जारी रखेंगे, ताकि लोगों को समयबद्ध न्याय मिल सके और उन्हें अनावश्यक परेशानियों से बचाया जा सके।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: