


भागलपुर जिले के जगदीशपुर प्रखंड में भूमिहीन परिवारों की समस्याएं आज भी जस की तस हैं। वर्ष 2023 में जिला प्रशासन द्वारा जिन भूमिहीन परिवारों को बसने के लिए पर्चा प्रदान किया गया था, वे अब भी पक्के आशियाने से वंचित हैं। मजबूरी में ये परिवार झुग्गी-झोपड़ी बनाकर जीवन यापन कर रहे हैं।
भूमिहीन परिवारों का आरोप है कि उन्हें अब तक न तो स्थायी आवास दिया गया और न ही कोई वैकल्पिक व्यवस्था की गई। इसके बावजूद प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचलाधिकारी द्वारा झुग्गी-झोपड़ी खाली करने और इलाके से हटने की धमकी दी जा रही है। इससे परिवारों में भय और असंतोष का माहौल है। पीड़ितों का कहना है कि पहले हमें बसाया जाए, उसके बाद ही किसी तरह की कार्रवाई हो।
इस मामले को लेकर भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष शंकर गुप्ता ने जिला प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में इन भूमिहीन परिवारों को बसने के लिए पर्चा दिया गया था, लेकिन आज तक उनका पुनर्वास नहीं किया गया।
शंकर गुप्ता ने कहा कि इस गंभीर समस्या को 5 जनवरी को भागलपुर में आयोजित उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के जन संवाद कार्यक्रम में उठाया जाएगा। उन्होंने प्रशासन और सरकार से अपील की है कि भूमिहीन परिवारों को उनका हक और सम्मानजनक जीवन प्रदान करने में शीघ्रता दिखाई जाए।












