


भागलपुर। शहर के टाउन हॉल में भूमि सुधार जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा शामिल होने पहुंचे। कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री टाउन हॉल के अंदर फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते नजर आए और आम लोगों से सीधे संवाद कर भूमि से जुड़े मामलों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते रहे।
इसी बीच टाउन हॉल के बाहर उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब बड़ी संख्या में होमगार्ड अभ्यर्थी वहां पहुंचकर हंगामा करने लगे। अभ्यर्थियों का कहना था कि उनकी चयन प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी है, इसके बावजूद अब तक उन्हें नियुक्ति पत्र देकर योगदान नहीं कराया गया है। अभ्यर्थी उपमुख्यमंत्री से मिलकर अपनी बात रखने और शीघ्र ज्वाइनिंग कराने की मांग कर रहे थे।
हालांकि कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए मौके पर तैनात सुरक्षा कर्मियों ने अभ्यर्थियों को टाउन हॉल के अंदर जाने से रोक दिया। इस दौरान अभ्यर्थियों और सुरक्षा कर्मियों के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। सुरक्षा कर्मियों ने अभ्यर्थियों को समझाते हुए आश्वासन दिया कि उनकी मांगों और शिकायतों से उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा को अवगत करा दिया जाएगा।
आश्वासन के बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया गया, हालांकि होमगार्ड अभ्यर्थियों में अपनी मांगों को लेकर नाराजगी बनी रही। पूरे घटनाक्रम के दौरान जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन सतर्क मोड में नजर आया, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।












