


नवगछिया:- अंग क्षेत्र के प्रसिद्ध कौशल्या मेला के तीसरे दिन सहौरा में रविवार को आचार्य कौशल जी वैदिक एवं उनके सहयोगियों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजन–हवन संपन्न कराया गया।
मेले का मुख्य आकर्षण दंगल प्रतियोगिता रही, जहां कड़ाके की ठंड के बावजूद दूर–दराज से आए पहलवानों ने अपनी दमखम का शानदार प्रदर्शन किया। पुरुष वर्ग में बनिया के रंजीत ने जीत हासिल की। वहीं महिला पहलवानों ने नारी शक्ति का सशक्त संदेश दिया। दिल्ली की अंजलि, बनारस की सत्या और बिहार की हनी ने अपने शानदार मुकाबलों से दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
दंगल प्रतियोगिता का उद्घोषण प्रोफेसर शिव कुमार ने किया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले पहलवानों को फाइनल मुकाबले हेतु प्रवीण कुमार यादव द्वारा सहयोग राशि प्रदान की गई।
मेले के दौरान रंगरा थाना अध्यक्ष विश्वबंधु कुमार दलबल के साथ मौजूद रहे और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई। वहीं मेले में सजी विभिन्न दुकानों की आकर्षक सजावट ने मेले की सुंदरता में चार चांद लगा दिए। मां कौशल्या नाट्यकला परिषद केंद्र एवं मेला समिति को ग्रामीणों का भरपूर सहयोग प्राप्त हुआ।
इस अवसर पर मेला संरक्षक अशोक कुमार ने कहा कि कौशल्या मेला पूर्वजों की परंपरा का प्रतीक है, जिसे आज ग्रामीण एकजुट होकर वर्तमान परिस्थितियों में भी सफलतापूर्वक आयोजित कर रहे हैं। मान्यता है कि मां कौशल्या की कृपा से कोसी नदी रौद्र रूप धारण नहीं करती और क्षेत्र में अमन–चैन व शांति बनी रहती है। वहीं जनप्रतिनिधियों ने आगामी वर्ष राष्ट्रीय स्तर के पहलवानों को मेला में आमंत्रित करने का भरोसा दर्शकों को दिलाया।
कार्यक्रम में मेला संरक्षक अशोक कुमार यादव, पूर्व प्रमुख विजय यादव, पूर्व सरपंच प्रतिनिधि नंदन यादव, प्रमोद पथिक, पंचायत समिति सदस्य विनोद सिंह, विकास कुमार यादव, मिथिलेश कुमार, युवा समाजसेवी शुभम यादव सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
मेला समिति ने बताया कि प्रतिमा का विसर्जन मंगलवार को किया जाएगा।












