


भागलपुर। कड़ाके की ठंड को देखते हुए सामाजिक संस्था जीवन जागृति सोसायटी के तत्वावधान में अलीगंज क्षेत्र में विधवा महिलाओं, बुजुर्गों एवं असहाय व्यक्तियों के बीच 50 कंबलों का वितरण किया गया। इस मानवीय पहल से जरूरतमंदों को ठंड से राहत मिली और स्थानीय लोगों ने संस्था के इस प्रयास की सराहना की।
कंबल वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जीवन जागृति सोसायटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार सिंह ने कहा कि शीत ऋतु के दौरान गरीब, बुजुर्ग और असहाय वर्ग को सबसे अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे समय में समाज और सामाजिक संगठनों का यह नैतिक दायित्व है कि वे आगे आकर जरूरतमंदों की सहायता करें। उन्होंने बताया कि जीवन जागृति सोसायटी को समाज के कई लोगों द्वारा कंबल दान स्वरूप प्राप्त होते हैं, जिन्हें संस्था लगातार समाज के कमजोर वर्गों तक पहुंचाने का कार्य कर रही है। इस अवसर पर वितरित किए गए कंबल एक सीए महोदय द्वारा दान किए गए थे, जिन्हें संस्था ने जरूरतमंदों तक पहुंचाया।
इस मौके पर सोसायटी के कार्यों को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से भागलपुर के दक्षिणी क्षेत्र के लिए श्री कुणाल साह को दक्षिण क्षेत्र का संयोजक नियुक्त किया गया। उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई कि वे प्रत्येक मोहल्ले में सोसायटी के सामाजिक कार्यों को सुचारु रूप से संचालित कर सकें और जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
कंबल वितरण कार्यक्रम में डॉ. अजय कुमार सिंह, विनीता साह, धर्मेंद्र कुमार सहित जीवन जागृति सोसायटी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर समाज सेवा को निरंतर आगे बढ़ाने और जरूरतमंदों के सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प लिया।












