0
(0)

भागलपुर। पीरपैंती रेलवे स्टेशन के पार्किंग क्षेत्र में दबंगई की एक गंभीर घटना सामने आई है। यहां करीब 15 से 20 लोगों ने मिलकर एक युवक को लात-घूंसे से बेरहमी से पीट दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद स्टेशन परिसर और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है।

घायल युवक की पहचान पीरपैंती बाजार निवासी स्वर्गीय कमलेश कुमार गुप्ता के पुत्र रजनीश कुमार गुप्ता के रूप में की गई है। पीड़ित रजनीश ने पीरपैंती थाना पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि वह कहलगांव से दुलियान पैसेंजर ट्रेन से पीरपैंती स्टेशन पहुंचा था। प्लेटफॉर्म से बाहर निकलकर जैसे ही वह पार्किंग की ओर बढ़ा, तभी पूर्व से चले आ रहे विवाद को लेकर पहले से घात लगाए बैठे 15–20 लोगों ने उसे घेर लिया और अचानक ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

बताया गया कि हमलावरों ने रजनीश को लात-घूंसे से इतनी बेरहमी से पीटा कि वह मौके पर ही अधमरी हालत में गिर पड़ा। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल युवक को तुरंत पीरपैंती रेफरल अस्पताल पहुंचाया।

सूचना मिलने पर पीरपैंती विधायक मुरारी पासवान के निर्देश पर उनके भतीजे रंजीत पासवान तथा वार्ड पार्षद राज आनंद अस्पताल पहुंचे और अधिकारियों से मामले में त्वरित कार्रवाई करने की मांग की। इसके बाद पीरपैंती थाना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायल युवक का बयान दर्ज किया।

रजनीश की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे एंबुलेंस के माध्यम से भागलपुर स्थित मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है। लोगों ने रेलवे स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए पुलिस गश्त बढ़ाने और सीसीटीवी निगरानी को प्रभावी करने की मांग की है। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है तथा आरोपियों की पहचान कर जल्द ही उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: