


नवगछिया। दलितों, गरीबों तथा फुटपाथ पर सब्जी-फल बेचकर जीवनयापन करने वाले दुकानदारों के घरों और दुकानों पर चल रहे बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में भाकपा माले द्वारा राज्यव्यापी प्रतिवाद प्रदर्शन किया गया। इसी क्रम में बुधवार को नवगछिया के वैशाली चौक के समक्ष भाकपा माले कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रतिवाद सभा को संबोधित करते हुए भाकपा माले नवगछिया के प्रखंड सचिव गौरीशंकर राय ने कहा कि भीषण शीतलहर के बीच दलितों और गरीबों को बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के उजाड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि नवगछिया बाजार क्षेत्र में रेलवे लाइन और सड़क किनारे फल, सब्जी एवं अन्य छोटी दुकानें लगाकर जीवन यापन करने वाले लोग पिछले करीब 20 वर्षों से रह रहे हैं, लेकिन बिहार में भाजपा-जदयू की सरकार होने के बावजूद इनके लिए पुनर्वास या वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई।
गौरीशंकर राय ने आरोप लगाया कि अतिक्रमण हटाने के नाम पर सरकार दलित और गरीब बस्तियों को मिटाने का खेल कर रही है। उन्होंने इसे अमानवीय, अन्यायपूर्ण और गैर-कानूनी करार देते हुए कहा कि गरीबों की रोजी-रोटी और आशियाने उजाड़ना किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं हो सकता। उन्होंने मांग की कि जब तक पुनर्वास और वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की जाती, तब तक इस तरह की कार्रवाई पर रोक लगाई जाए।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि सरकार की इस नीति से गरीब परिवारों के सामने भूखमरी और बेघर होने का संकट खड़ा हो गया है। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर प्रभावित परिवारों को राहत देने और उनके लिए स्थायी समाधान निकालने की मांग की।
प्रतिवाद कार्यक्रम में राधेश्याम रजक, रुदल मंडल, नगीना राय, शंकर पोद्दार, अभिराज कुमार, प्रमोद मंडल, बालेश्वर ठाकुर, वकील यादव, उपेंद्र यादव, सनोज कुमार, भवेश कुमार, महेंद्र कुमार, अभिषेक कुमार सहित भाकपा माले के कई कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित थे। प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा ।












