


नवगछिया । यातायात नियमों के उल्लंघन को लेकर जिला परिषद अध्यक्ष विपिन कुमार मंडल का चालान कटने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि वे भागलपुर में आयोजित उपमुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए चारपहिया वाहन से रवाना हुए थे, लेकिन विक्रमशिला सेतु पर भीषण जाम लग जाने के कारण उन्हें रास्ते में परेशानी का सामना करना पड़ा।
जिप अध्यक्ष ने बताया कि विक्रमशिला सेतु पर मिट्टी लदा एक ट्रैक्टर खराब हो जाने से सेतु पर घंटों तक जाम की स्थिति बनी रही। इसके कारण यातायात पूरी तरह बाधित हो गया, जबकि जाम हटाने और यातायात व्यवस्था बहाल करने के लिए मौके पर कोई त्वरित प्रशासनिक पहल नहीं दिखाई दी। समय पर कार्यक्रम में पहुंचने की मजबूरी के कारण उन्होंने अपने परिचित अधिवक्ता से बाइक की लिफ्ट ली और पीछे बैठकर उपमुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रवाना हुए।
इसी दौरान तिलकामांझी चौक पर लगे ट्रैफिक कैमरे में जिप अध्यक्ष बिना हेलमेट बाइक पर पीछे बैठे हुए नजर आए। यातायात नियमों के उल्लंघन को देखते हुए कैमरे के माध्यम से वाहन मालिक के नाम पर चालान काट दिया गया। बताया गया है कि चालान मोटर वाहन अधिनियम के तहत किया गया है।
इस मामले को लेकर जिप अध्यक्ष विपिन कुमार मंडल ने कहा कि परिस्थितिवश उन्हें यह निर्णय लेना पड़ा, लेकिन यातायात नियमों का पालन सभी के लिए आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि विक्रमशिला सेतु जैसे महत्वपूर्ण मार्ग पर जाम लगने की स्थिति में प्रशासन को तत्परता दिखानी चाहिए, ताकि आम लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।












