


नवगछिया।: बिहपुर प्रखंड के सोनवर्षा वार्ड संख्या-11 निवासी अनुरंजन चौधरी और कविता देवी के पुत्र शुभमश्री ने आल इंडिया स्तर पर आयोजित नेशनल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के 250 विभिन्न पदों के लिए हुए प्रतियोगी परीक्षा में सफलता प्राप्त की है।
शुभमश्री ने अपनी शिक्षा की जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने मैट्रिक और इंटर की पढ़ाई जोधपुर से की, इसके बाद बीटेक की पढ़ाई जयपुर के मणिपाल यूनिवर्सिटी से पूरी की। उन्होंने बताया कि एनआईसीएल की राष्ट्रीय स्तर की पहली परीक्षा गत वर्ष अगस्त में दिल्ली में, दूसरी परीक्षा जोधपुर में, तीसरी जयपुर में आयोजित हुई, जबकि अंतिम साक्षात्कार दिल्ली में हुआ।
उन्होंने अपने चयन में माता-पिता और परिवार के सहयोग का उल्लेख करते हुए कहा कि पढ़ाई से लेकर आगे की राह चुनने तक मेरे माता-पिता समेत पूरे परिवार का हर समय पूरा सहयोग रहा। शुभमश्री ने जिस पद के लिए परीक्षा दी थी, उसकी संख्या आल इंडिया स्तर पर केवल 20 थी, जिसमें सामान्य श्रेणी के लिए मात्र 9 सीटें ही उपलब्ध थीं। इसके बावजूद शुभमश्री ने अपनी शैक्षणिक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल की।
शुभमश्री के चाचा और नवगछिया पुलिस जिला भाजपा के महामंत्री प्रभुनंदन चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि शुभमश्री अब एनआईसीएल के आईटी डिपार्टमेंट में प्रशासनिक अधिकारी के पद पर कार्य करेंगे। यह सफलता केवल उनके गांव ही नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र और जिले के लिए हर्ष और गौरव की बात है।
परिवार की जानकारी देते हुए बताया गया कि शुभमश्री के पिता भारतीय स्टेट बैंक में कार्यरत हैं, जबकि छोटा भाई बीटेक कर रहा है। चचेरा भाई सन्नी कुमार अडानी ग्रुप ऑफ कंपनी, गुजरात के भुज में एचआर के पद पर हैं। छोटी चचेरी बहन डिपंल यूपीएससी की तैयारी कर रही है।
शुभमश्री की यह उपलब्धि युवा छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन सकती है और यह साबित करती है कि सही मेहनत और परिवार के समर्थन से किसी भी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में सफलता प्राप्त की जा सकती है।












