


भागलपुर । बुधवार को पटना में भागलपुर जिला परिषद के अध्यक्ष विपीन कुमार मंडल ने बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश का शाल, बुके एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत और अभिनंदन किया। यह मुलाकात सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुई।
इस अवसर पर पंचायती राज व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने, पंचायतों के सर्वांगीण विकास तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, पंचायतों की कार्यक्षमता बढ़ाने और स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों में आ रही चुनौतियों पर विचार-विमर्श हुआ।
जिला परिषद अध्यक्ष विपीन कुमार मंडल ने भागलपुर जिले की पंचायतों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं, आवश्यकताओं और विकास की प्राथमिकताओं से मंत्री को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि पंचायत स्तर पर योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन से ग्रामीण जनता को सीधा लाभ मिल सकता है।
पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने जिला परिषद द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार पंचायतों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण विकास को प्राथमिकता देते हुए पंचायतों को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।
कार्यक्रम के अंत में दोनों पक्षों ने आपसी समन्वय और सहयोग के साथ विकास कार्यों को गति देने पर सहमति जताई।












