


भागलपुर। बिहार मौसम सेवा केंद्र एवं जिला प्रशासन के निर्देशानुसार भागलपुर जिले में अगले दो दिनों तक अत्यधिक ठंड और ठिठुरन को लेकर चेतावनी जारी की गई है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार राज्य के अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान 5 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि सुबह और शाम के समय कोहरा छाए रहने की आशंका बनी हुई है।
पिछले 24 घंटों में जिलों में मध्यम से तेज गति से चल रही ठंडी हवाओं के कारण पवन ठिठुरन का खतरा भी बढ़ गया है।
मौसम की गंभीरता को देखते हुए जिला दंडाधिकारी, भागलपुर डॉ. नवल किशोर चौधरी ने जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों में प्री-स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र और कोचिंग संस्थानों सहित कक्षा 8 तक की सभी शैक्षणिक गतिविधियों पर 10 जनवरी 2026 तक रोक लगाने का आदेश जारी किया है।
कक्षा 9 और उससे ऊपर की कक्षाओं के लिए विद्यालय सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक ही संचालित होंगे। हालांकि, प्री-बोर्ड एवं बोर्ड परीक्षाओं से संबंधित विशेष कक्षाओं पर यह आदेश लागू नहीं होगा।
जिला प्रशासन ने सभी प्राचार्यों और प्रधानाध्यापकों को इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है। साथ ही पुलिस विभाग एवं सूचना जनसंपर्क विभाग को भी आवश्यक कार्रवाई एवं व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए हैं।
मौसम विज्ञान विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि अगले दो दिनों तक राज्य के अधिकांश जिलों में शीतलहर जैसी स्थिति बनी रहेगी। सुबह और शाम के समय हल्का से मध्यम कोहरा छाया रहेगा। ठिठुरन के कारण स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है, विशेष रूप से बच्चों और बुजुर्गों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की आवश्यकता है।












