


नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत नारायणपुर प्रखंड के भवानीपुर थाना क्षेत्र स्थित नारायणपुर गांव में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में डेढ़ वर्षीय मासूम की ट्रैक्टर से कुचलकर मौत हो गई। यह घटना मिडिल स्कूल के समीप हुई, जहां मासूम ट्रैक्टर के आसपास खेल रहा था। इसी दौरान चालक की लापरवाही से ट्रैक्टर आगे बढ़ गया और बच्चा उसके नीचे आ गया।
हादसे के तुरंत बाद परिजन बच्चे को गंभीर अवस्था में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, नारायणपुर लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया। मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान बुधवार और गुरुवार की मध्य रात्रि लगभग दो बजे मासूम ने दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान रोहन कुमार, उम्र लगभग डेढ़ वर्ष, पिता विक्को यादव के रूप में हुई है। गुरुवार को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचे मृतक के चाचा अजीत कुमार ने बताया कि ट्रैक्टर चालक की लापरवाही से रोहन ट्रैक्टर की चपेट में आ गया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया है। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और ट्रैक्टर चालक की भूमिका की गहन जांच की जा रही है। फिलहाल नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद यातायात थाना द्वारा शव परिजनों को सौंप दिया गया है।












