


भागलपुर : मोतिहारी स्थित गांधी मैदान में बिहार बॉल बैडमिंटन संघ के तत्वावधान में एवं पूर्वी चम्पारण जिला बॉल बैडमिंटन संघ के आयोजन से 32वीं बिहार राज्य जूनियर बॉल बैडमिंटन चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता के पहले दिन बालक एवं बालिका वर्ग के रोमांचक मुकाबले खेले गए, जिसमें खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।
बालक वर्ग के उद्घाटन मुकाबले में मेजबान पूर्वी चम्पारण ने वैशाली को कड़े संघर्ष में 35-23, 28-35, 35-31 से पराजित किया। यह मुकाबला पूरे समय रोमांच से भरा रहा और दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। वहीं बालिका वर्ग के पहले मुकाबले में बेगूसराय ने समस्तीपुर को 35-15, 35-20 से पराजित किया। इसके अलावा बालिका वर्ग में पूर्वी चम्पारण ने वैशाली को 35-20, 35-26 से शिकस्त दी।
बालक वर्ग के अन्य लीग मैचों में किलकारी पटना ने पश्चिमी चम्पारण को 35-32, 35-24 से तथा बेगूसराय ने नवगछिया को 25-21, 35-14 से हराया।
बालक वर्ग में पूर्वी चम्पारण की ओर से सत्यम, आदर्श एवं अंश ने शानदार खेल दिखाया। वैशाली की ओर से आकाश, अमन और ऋतिक, किलकारी पटना की ओर से गौरव, सौरभ और सचिन, पश्चिमी चम्पारण की ओर से अरविंद, बेगूसराय की ओर से छोटू, शशांक और आर्यन तथा नवगछिया की ओर से विकास, अर्नव और आदित्य ने बेहतरीन प्रदर्शन कर दर्शकों की सराहना बटोरी।
बालिका वर्ग में बेगूसराय की ओर से कशिश, माही और मुस्कान, समस्तीपुर की ओर से अनुप्रिया, रितु और नेहा, पूर्वी चम्पारण की ओर से शबनम, सुधा और रविता तथा वैशाली की ओर से सृष्टि, नव्या और अनामिका ने शानदार खेल का परिचय दिया।
प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन भारत सरकार के पूर्व कृषि मंत्री सह मोतिहारी सांसद राधामोहन सिंह ने दीप प्रज्वलित कर एवं नारियल फोड़कर किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों को संबोधित करते हुए कहा कि मोतिहारी में पूर्व में भी कई राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया है और आने वाले समय में बॉल बैडमिंटन के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर भविष्य देने के उद्देश्य से अन्य रेलवे जोनों की तर्ज पर पूर्व मध्य रेलवे, हाजीपुर में भी बॉल बैडमिंटन खिलाड़ियों की नियुक्ति के लिए विधिसम्मत प्रयास किया जाएगा। साथ ही बॉल बैडमिंटन खेल को लोकप्रिय बनाने के लिए हर संभव सहयोग दिया जाएगा।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में मोतिहारी नगर निगम के उपमहापौर लालबाबू गुप्ता, बिहार बॉल बैडमिंटन संघ के सचिव गौरी शंकर तथा जिला खेल पदाधिकारी शुभम कुमार उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी धर्मेंद्र सरार्फ ने की।
अतिथियों का स्वागत आयोजन संयोजक राकेश सिंह एवं संरक्षक अरुण सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन लोकेश पांडेय ने किया। मंच संचालन पूर्वी चम्पारण जिला बॉल बैडमिंटन संघ के सचिव दीपक सिंह कश्यप ने किया।
इस अवसर पर प्रतियोगिता के उपाध्यक्ष रोचक झा, पूर्व पार्षद रमेश कुमार भोलाजी, भारत स्काउट एंड गाइड के राज किशोर, शिक्षक कुणाल पांडेय, विकास कुमार, तकनीकी पदाधिकारी विकास कुमार, सतीश कुमार, मनीष सिंह, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी संगीता कुमारी, तुलसी कुमारी सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी एवं खेलप्रेमी उपस्थित रहे।
यह जानकारी राज्य प्रवक्ता ज्ञानदेव कुमार ने दी।












