


भागलपुर जिले के पीरपैंती प्रखंड अंतर्गत पीरपैंती पंचायत स्थित मध्य विद्यालय, पीरपैंती बाजार में असामाजिक तत्वों द्वारा चोरी और तोड़फोड़ की गंभीर घटना सामने आई है। महज दो दिनों के भीतर विद्यालय से चार पंखों की चोरी कर ली गई, जबकि एक–दो शौचालयों की केवाड़ियां भी तोड़ दी गईं। इस घटना से विद्यालय प्रशासन के साथ-साथ स्थानीय ग्रामीणों में भी भारी आक्रोश व्याप्त है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य रविंद्र प्रसाद सिंह ने इस संबंध में पीरपैंती थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि कक्षा 6 ‘ए’ में लगे चार पंखों की चोरी की गई है। उल्लेखनीय है कि विद्यालय बंद था और परिसर पूरी तरह सूना पड़ा हुआ था। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। जब शिक्षक विद्यालय पहुंचे, तब चोरी की जानकारी मिली। वहीं अगले ही दिन शौचालय की केवाड़ी टूटी हुई पाई गई।
प्रधानाचार्य ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि हालात इतने खराब हो गए हैं कि अब शिक्षा के मंदिर भी सुरक्षित नहीं रह गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि विद्यालय के पीछे आम का बगान है, जहां अक्सर कुछ असामाजिक तत्व जुआ खेलते देखे जाते हैं। आशंका जताई जा रही है कि इन्हीं तत्वों का इस घटना में हाथ हो सकता है।
घटना की सूचना मिलते ही पीरपैंती पंचायत के समाजसेवी मो. साजिद उर्फ लाल विद्यालय पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने पीरपैंती थानाध्यक्ष नीरज कुमार से मुलाकात कर मामले में शामिल आरोपियों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
वहीं विद्यालय प्रबंधन और स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से सख्त कदम उठाने तथा विद्यालय परिसर में नियमित गश्ती की व्यवस्था करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत नहीं किया गया, तो भविष्य में ऐसी घटनाएं और बढ़ सकती हैं, जिससे शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रभाव पड़ेगा।












