


भागलपुर जिले के नाथनगर स्थित एस.एस. बालिका इंटर उच्च विद्यालय परिसर में बिहार गृह रक्षा वाहिनी की महिला बुनियादी प्रशिक्षुओं का पारण परेड समारोह भव्य रूप से आयोजित किया गया। इस अवसर पर कुल 131 महिला होमगार्ड जवानों का पासिंग आउट परेड सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
परेड की सलामी बिहार गृह रक्षा वाहिनी के उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) मनोज कुमार नट, डिवीजनल कमांडेंट सह जिला समादेष्टा अखिलेश कुमार ठाकुर तथा भागलपुर के जिला समादेष्टा संजय कुमार ने संयुक्त रूप से ली।
समारोह को संबोधित करते हुए डीआईजी मनोज कुमार नट ने सभी प्रशिक्षित महिला जवानों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि अब सभी जवान पूर्ण रूप से प्रशिक्षित हो चुकी हैं और जहां भी उनकी तैनाती होगी, वहां वे ईमानदारी, निष्ठा और अनुशासन के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगी। उन्होंने यह भी बताया कि होमगार्ड जवान केवल सुरक्षा व्यवस्था तक सीमित नहीं रहते, बल्कि आपदा प्रबंधन, सामाजिक कार्यों और जनसेवा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
डीआईजी नट ने महिला जवानों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज करा रही हैं। गृह रक्षा वाहिनी में उनका योगदान संगठन को और अधिक मजबूत बना रहा है। उन्होंने सभी जवानों से अनुशासन, सेवा भावना और टीमवर्क को जीवन भर बनाए रखने की अपील की।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत एस.एस. बालिका इंटर उच्च विद्यालय परिसर में महिला होमगार्ड जवानों को 120 दिनों तक गहन प्रशिक्षण दिया गया। इसमें मुजफ्फरपुर और सहरसा जिले की कुल 131 महिला जवानों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें शारीरिक दक्षता, ड्रिल, आपदा प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, प्राथमिक उपचार और सामाजिक दायित्वों से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
पारण परेड समारोह में महिला जवानों के परिजन भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अपनी बेटियों और परिवार की महिलाओं को वर्दी में अनुशासित परेड करते देख परिजनों में गर्व और उत्साह का भाव स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।
इस अवसर पर गृह रक्षा वाहिनी के उपेंद्र पासवान, चंदन कुमार, धनंजय कुमार, स्नेहलता कुमारी सहित अन्य वरीय अधिकारी, प्रशिक्षक एवं स्टाफ भी मौजूद रहे।













