


भागलपुर के पीरपैंती नगर पंचायत क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली एक चौंकाने वाली चोरी की घटना सामने आई है। नगर पंचायत क्षेत्र स्थित डॉक्टर एन. के. वर्मा के मेडिकल स्टोर से दिनदहाड़े एक चोर पैसों से भरा बॉक्स लेकर बेखौफ फरार हो गया। पूरी वारदात नगर पंचायत द्वारा लगाए गए सीसीटीवी कैमरे में स्पष्ट रूप से कैद हो गई है।
हैरानी की बात यह है कि सार्वजनिक धन से लगाए गए सीसीटीवी कैमरों के बावजूद चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे दिन के उजाले में ही चोरी की घटना को अंजाम दे रहे हैं। इस घटना ने नगर पंचायत क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों और आम नागरिकों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि जब चोरी की पूरी वारदात कैमरे में कैद हो रही है, तब भी ऐसी घटनाओं पर रोक नहीं लग पा रही है, जो बेहद चिंताजनक है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से पीरपैंती नगर पंचायत क्षेत्र में असुरक्षा का माहौल बनता जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द से जल्द चोर की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी की जाए और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।












