


भागलपुर : बिहार में जारी कड़ाके की ठंड और शीतलहर के बीच गरीब, असहाय, वृद्ध और विधवा महिलाओं के लिए जीवन जागृति सोसायटी उम्मीद की किरण बनकर सामने आई है। ठंड से सबसे अधिक प्रभावित जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से सोसायटी द्वारा लगातार सेवा कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज जीरो माइल स्थित सच्चिदानंद कॉलोनी के सरस्वती मंदिर के समीप गरीब वृद्ध एवं विधवा महिलाओं के बीच लगभग 100 कंबलों का वितरण किया गया।
कंबल पाकर महिलाओं के चेहरों पर राहत और संतोष साफ झलक रहा था। इस अवसर पर जीवन जागृति सोसायटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि शीतलहर के इस कठिन समय में जरूरतमंदों की सहायता करना संस्था का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि सोसायटी लगातार ऐसे इलाकों को चिन्हित कर रही है, जहां ठंड का असर सबसे अधिक है, ताकि समय रहते लोगों को राहत दी जा सके।
जीवन जागृति सोसायटी केवल कंबल वितरण तक ही सीमित नहीं है, बल्कि समाज में जीवन रक्षा से जुड़े विभिन्न जागरूकता अभियानों में भी सक्रिय भूमिका निभा रही है। सड़क सुरक्षा, जल सुरक्षा, अग्निकांड से बचाव और आपदा प्रबंधन जैसे विषयों पर समिति द्वारा लगातार जागरूकता रैलियां और कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, ताकि आम नागरिक सतर्क और सुरक्षित रह सकें।
कार्यक्रम में जीवन जागृति सोसायटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार सिंह, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सत्येंद्र कुमार, पुनीत सालारपुरिया, मीडिया प्रभारी रजनीश कुमार, मृत्युंजय, अखिलेश, पुरंजय एवं आनंद कुमार सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि जरूरतमंदों की सेवा ही संस्था का संकल्प है और यह सेवा अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।












