


नवगछिया। नवगछिया के पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार की अध्यक्षता में पुलिस केंद्र नवगछिया में दिसंबर माह की मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, डीएसपी मुख्यालय नवगछिया व बिहपुर, सभी थाना के थानाध्यक्ष और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
गोष्ठी के दौरान एसपी ने लंबित मामलों, वारंट, कुर्की और भूमि विवाद से जुड़े मामलों की विस्तृत समीक्षा की और सभी मामलों की अद्यतन स्थिति का बारीकी से जायजा लिया। साथ ही बीएनएस की धारा 126 एवं सीसीए-3 के अंतर्गत की गई कार्रवाइयों की समीक्षा भी की गई। शराब बरामदगी, शराब विनष्टिकरण और हथियार बरामदगी से संबंधित मामलों की प्रगति रिपोर्ट भी बैठक में प्रस्तुत की गई।
एसपी प्रेरणा कुमार ने गंभीर अपराधों जैसे हत्या, लूट, गृहभेदन, पॉक्सो, दुष्कर्म और एससी-एसटी से जुड़े कांडों की विशेष समीक्षा करते हुए अनुसंधान में तेजी लाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गंभीर मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके साथ ही मकर संक्रांति पर्व को देखते हुए उन्होंने सभी गंगा घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, बैरिकेडिंग करने और खतरनाक स्थलों पर चेतावनी चिन्ह लगाने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।













