


भागलपुर। बरारी थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ी खंजरपुर मोहल्ले में उस समय तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब न्यायालय के आदेश पर एक मकान को खाली कराया गया। इस मकान में शंभू दिन राय अपने परिवार के साथ कई पीढ़ियों से रह रहे थे।

जानकारी के अनुसार, मन्नू राय ने करीब 30 वर्ष पूर्व इस मकान पर अपना अधिकार जताते हुए न्यायालय में टाइटल सूट दायर किया था। लंबे समय तक चले कानूनी विवाद के बाद अदालत ने मन्नू राय के पक्ष में फैसला सुनाते हुए मकान खाली कराने का आदेश दिया।
न्यायालय के आदेश के अनुपालन में जब कोर्ट से आए कर्मी और बरारी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची, तो शंभू दिन राय और उनकी पत्नी पूनम देवी ने इसका विरोध किया। दंपति का आरोप है कि उन्हें किसी प्रकार का कोई पूर्व नोटिस नहीं दिया गया और अचानक पुलिस के साथ कार्रवाई की गई।

मकान खाली कराने के दौरान पुलिस और कोर्ट कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने शंभू दिन राय और उनके बेटे को कुछ समय के लिए बरारी थाना ले जाकर समझाया, जबकि पूनम देवी को मौके पर शांत कराया गया।
काफी प्रयासों के बाद अंततः मकान खाली करा लिया गया। न्यायालय के आदेश के बाद मकान मन्नू राय को सौंपने की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है।
घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।












