


भागलपुर के सबौर प्रखंड अंतर्गत राजंदीपुर पंचायत स्थित दुर्गा स्थान प्रांगण में श्री श्री 108 महा विष्णु यज्ञ समारोह का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह धार्मिक अनुष्ठान 20 फरवरी 2026 से प्रारंभ होकर 1 मार्च 2026 तक चलेगा।
यज्ञ का शुभारंभ 20 फरवरी को शोभा यात्रा और मंडप पूजन के साथ किया जाएगा। वहीं 1 मार्च 2026 को अग्नि पूर्णाहुति के साथ यज्ञ का समापन होगा।
यज्ञ कमेटी के अध्यक्ष केवट प्रसाद मंडल ने बताया कि इस अवसर पर दूर-दराज से साधु-संतों को आमंत्रित किया गया है। यह यज्ञ प्रत्येक पांच वर्ष में एक बार आयोजित किया जाता है, जिसमें प्रवचन, भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों का विशेष आयोजन होता है।
दुर्गा स्थान प्रांगण में यज्ञ के दौरान श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न प्रकार के झूले और मनोरंजन के साधन भी लगाए जाएंगे। वर्तमान में प्रतिमा निर्माण और पंडाल सजाने का कार्य तेजी से चल रहा है।
कमेटी के सभी सदस्य अपनी-अपनी जिम्मेदारियों के साथ तैयारियों में जुटे हुए हैं। ग्रामवासियों द्वारा यह यज्ञ क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि की कामना के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।












