


भागलपुर। ईस्टर्न बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन की वार्षिक आमसभा सह नववर्ष मिलन समारोह का आयोजन रविवार को चिल्ड्रन पार्क (लाजपत पार्क) स्थित पाइन विला कैफे में किया गया। इस अवसर पर आगामी सत्र 2026-29 के लिए नई कार्य समिति की सर्वसम्मति से घोषणा की गई।
सभा की अध्यक्षता निवर्तमान अध्यक्ष गोविंद अग्रवाल ने की। उन्होंने अपने छह वर्षों के कार्यकाल के दौरान के खट्टे-मीठे अनुभव साझा करते हुए सभी सदस्यों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
वरिष्ठ सदस्य कुंज बिहारी झुनझुनवाला ने चुनाव प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि 27 दिसंबर को चुनाव की अधिसूचना जारी की गई थी और 3 जनवरी तक अध्यक्ष व महासचिव पद के लिए नामांकन आमंत्रित किए गए थे। निर्धारित समय सीमा तक अध्यक्ष पद के लिए एक तथा महासचिव पद के लिए एक-एक नामांकन प्राप्त होने पर सर्वसम्मति से आलोक अग्रवाल को अध्यक्ष एवं अमर्त्य बंधुल को महासचिव नियुक्त किया गया। उपस्थित सदस्यों ने ध्वनि मत से इसका समर्थन किया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष आलोक अग्रवाल ने पद स्वीकार करते हुए सभी सदस्यों से सहयोग की अपील की और कहा कि संस्था की स्थापना के उद्देश्यों को पूरी निष्ठा के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। इसके बाद उन्होंने नई कार्य समिति की घोषणा की।
नई कार्य समिति में निवर्तमान अध्यक्ष गोविंद अग्रवाल, उपाध्यक्ष अखिलेश कुमार एवं रूपेश वैद, सचिव रोहन साह एवं श्रवण भगत, कोषाध्यक्ष सीए दीपक सुल्तानिया तथा कार्यसमिति सदस्य के रूप में ओ.पी. सिंह, राजीव प्रदीप, सद्दाम सलीम, देव ज्योति मुखर्जी, नीरज साहू एवं सुमित जैन शामिल हैं। पूर्व अध्यक्ष सीए प्रदीप झुनझुनवाला को सलाहकार एवं कार्य समिति में स्थायी आमंत्रित सदस्य नियुक्त किया गया।
इसके साथ ही अध्यक्ष द्वारा आईटी समिति, उद्यमिता एवं स्टार्टअप समिति, कौशल विकास समिति, बुलेटिन समिति सहित विभिन्न समितियों और उनके चेयरमैन की भी घोषणा की गई। सुमित जैन को जनसंपर्क अधिकारी नियुक्त किया गया।
नवनिर्वाचित महासचिव अमर्त्य बंधुल ने आगामी सत्र की प्राथमिकताओं को रेखांकित करते हुए कहा कि संस्था उद्यमियों और सरकार के बीच सेतु की भूमिका निभाती रहेगी। धन्यवाद ज्ञापन निवर्तमान महासचिव राजीव प्रदीप ने किया।
बैठक में सदस्यों ने नई कार्य समिति को लेकर अपने महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।
कार्यक्रम में कबीर अंसारी, रेवती रमन सिंह, दीपक प्रसाद, जयकांत सिंह, उज्जैन मालू, पंकज जालान, मनोज मीता, सौरव शर्मा, सुनील कुमार, विनोद केजरीवाल, मोहन केडिया सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।












