0
(0)

भागलपुर। मजदूरी कर बेंगलुरू से घर लौट रहा एक युवक पिछले 11 दिनों से लापता है। युवक के घर नहीं पहुंचने से परिजनों में गहरा डर और बेचैनी है। परिवार किसी अनहोनी की आशंका जता रहा है और प्रशासन से युवक की जल्द से जल्द बरामदगी की गुहार लगा रहा है।

लापता युवक की पहचान कहलगांव चौधरी टोला वार्ड नंबर 12 निवासी सिद्धार्थ चौधरी (33 वर्ष) के रूप में हुई है। सिद्धार्थ बेंगलुरू में मजदूरी करता था और कुछ दिन पहले अपने घर भागलपुर लौटने के लिए ट्रेन से रवाना हुआ था। ट्रेन में बैठने के बाद उसने अपनी पत्नी को फोन कर बताया था कि वह घर लौट रहा है, लेकिन इसके बाद से उसका मोबाइल बंद बताया जा रहा है।

परिजनों के अनुसार सिद्धार्थ अपने साथ मजदूरी की कमाई, मोबाइल फोन और अन्य जरूरी सामान लेकर निकला था। 11 दिन बीत जाने के बाद भी जब वह घर नहीं पहुंचा, तो परिवार की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। एक साल पहले ही उसकी शादी हुई थी, ऐसे में पत्नी और परिजन लगातार उसके सुरक्षित लौटने की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

मामले को लेकर सिद्धार्थ के भाई सोनू चौधरी ने बताया कि सिद्धार्थ बेंगलुरू से लौटने के दौरान ट्रेन में सवार हुआ था, लेकिन रास्ते में ही उसका संपर्क पूरी तरह टूट गया। परिवार को आशंका है कि कहीं उसके साथ कोई अप्रिय घटना न हो गई हो।

परिजनों ने इस मामले की जानकारी पटना के दानापुर आरपीएफ थाना को दे दी है। सोनू चौधरी ने बताया कि उन्हें डर है कि कहीं सिद्धार्थ के साथ लूटपाट, नशा देकर गलत काम में फंसाने या किसी आपराधिक घटना को अंजाम न दिया गया हो।

परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। घर में मातम का माहौल है और परिजन ठीक से खाना-पीना भी नहीं कर पा रहे हैं। सभी की नजरें प्रशासन और रेलवे पुलिस पर टिकी हैं कि जल्द से जल्द सिद्धार्थ चौधरी का पता लगाया जाए और उसे सुरक्षित घर वापस लाया जाए।

परिजनों ने जिला प्रशासन, राज्य सरकार और रेलवे प्रशासन से अपील की है कि युवक की तलाश को प्राथमिकता देते हुए उसकी बरामदगी सुनिश्चित की जाए। फिलहाल परिवार किसी भी सूचना के इंतजार में बेसब्री से दिन गिन रहा है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: