0
(0)

भागलपुर । भागलपुर के समीक्षा भवन में गुरुवार को जिला के पांच आकांक्षी प्रखंडों जगदीशपुर, पीरपैंती, सबौर, सन्हौला एवं सुल्तानगंज की प्रगति की समीक्षा एवं अवलोकन को लेकर नीति आयोग की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भारत सरकार के वित्त विभाग के प्रतिनिधि एवं केंद्रीय प्रभारी अधिकारी (सीपीओ) प्रवीण रंजन ने की।

बैठक में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने पौधा भेंट कर सीपीओ का स्वागत किया। जिला योजना पदाधिकारी मोनू कुमार ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से वर्ष 2023 से अब तक सभी प्रखंडों में 40 प्रगति सूचकों पर हुई उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नीति आयोग द्वारा निर्धारित इन 40 सूचकों के आधार पर आकांक्षी प्रखंडों को सामान्य प्रखंड की श्रेणी में लाया जाना है।

भागलपुर जिले के सभी पांच आकांक्षी प्रखंडों में कई सूचकों पर लगभग शत प्रतिशत उपलब्धि हासिल की जा चुकी है। स्वास्थ्य विभाग के सातों सूचकों प्रसव पूर्व जांच, संस्थागत प्रसव, निम्न जन्म दर, उच्च रक्तचाप, मधुमेह नियंत्रण तथा टीवी मामलों में कमी जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।

वर्ष 2024 में चलाए गए संपूर्णता अभियान के अंतर्गत सभी छह सूचकों में शत प्रतिशत संतृप्तता प्राप्त करने पर भागलपुर के सभी पांच प्रखंडों को गोल्ड मेडल प्रदान किया गया था। भागलपुर देश का एकमात्र जिला है, जिसके सभी आकांक्षी प्रखंड इस उपलब्धि के लिए सम्मानित हुए हैं

पोषण के क्षेत्र में निर्धारित सातों पैरामीटर में भी लगभग शत प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त हुई है। अति कुपोषित बच्चों को सामान्य श्रेणी में लाने के लिए चलाए गए मिशन-45 की राज्य एवं केंद्र स्तर पर सराहना की गई है।

इसके साथ ही शिक्षा विभाग के 11 पैरामीटर, कृषि विभाग के पांच पैरामीटर, आधारभूत संरचना के पांच पैरामीटर तथा सामाजिक विकास से जुड़े सूचकों में भी भागलपुर के आकांक्षी प्रखंडों ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।

केंद्रीय प्रभारी अधिकारी प्रवीण रंजन ने भागलपुर जिले में किए गए कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन की सराहना की। जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने मिशन-45 एवं स्वास्थ्य क्षेत्र में किए गए प्रयासों की विस्तृत जानकारी उन्हें दी।

बैठक में उप विकास आयुक्त प्रदीप सिंह, सिविल सर्जन डॉ. अशोक प्रसाद, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, अग्रणी बैंक प्रबंधक, डीआरडीए निदेशक, एनईपी निदेशक, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी, डीपीओ शिक्षा विभाग, डीपीओ आईसीडीएस उपस्थित रहे। वहीं सभी पांचों प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: