0
(0)

नवगछिया। पुलिस जिला नवगछिया के ढोलबज्जा थाना क्षेत्र अंतर्गत ढोलबज्जा बाजार में कुख्यात अपराधी छोटुवा यादव के नाम पर रंगदारी मांगने का गंभीर मामला सामने आने से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि छोटुवा यादव के गैंग द्वारा बाजार के कई व्यवसायियों को फोन कर रंगदारी की मांग की गई और डराने के लिए खुद छोटुवा यादव से बात कराई गई।

जानकारी के अनुसार, ढोलबज्जा बाजार के करीब आठ व्यवसायियों से पांच-पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई। जिनमें उपेंद्र जायसवाल, अर्जुन स्वर्णकार, संजय स्वर्णकार, अशफाक आलम और शैलेंद्र मेडिकल के संचालक शामिल हैं। सबसे अधिक राशि शैलेंद्र मेडिकल के मालिक से मांगी गई।

व्यवसायी अशफाक आलम ने बताया कि वह दुकान पर बैठे थे, तभी बाइक सवार दो युवक आए और उन्हें फोन थमा कर बात करने को कहा। फोन पर अपराधियों ने खुद को छोटुवा यादव का आदमी बताते हुए धमकी दी कि जल्दी से पांच लाख रुपये दे दो, नहीं तो बाप-बेटे दोनों को उठा लिया जाएगा। साथ ही 15 जनवरी तक का अंतिम समय दिया गया और गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दी गई।

व्यवसायियों और ग्रामीणों का आरोप है कि इस पूरे मामले की मौखिक सूचना 10 जनवरी को ढोलबज्जा थाना पुलिस को दी गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। थाना बाजार से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित है। पुलिस की कथित लापरवाही से नाराज दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठान बंद कर थाना पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया।

आक्रोशित दुकानदारों और ग्रामीणों ने थाना प्रभारी की कार्यशैली पर सवाल उठाए और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक नवगछिया एसपी प्रेरणा कुमार स्वयं मौके पर नहीं पहुंचेंगे और अपराधियों पर त्वरित कार्रवाई का भरोसा नहीं देंगे, उनका प्रदर्शन जारी रहेगा।

ग्रामीणों का यह भी दावा है कि एक व्यवसायी ने डर के कारण करीब एक लाख रुपये अपराधियों को दे दिए, जिससे अपराधियों का मनोबल और बढ़ गया है। लोगों का कहना है कि जिन लोगों ने पैसा दिया है, उनसे सख्ती से पूछताछ करने पर पूरे गिरोह का खुलासा किया जा सकता है।

गौरतलब है कि कुख्यात अपराधी छोटुवा यादव पर रंगदारी, लूट, आर्म्स एक्ट, हत्या और जमीन विवाद से जुड़े लगभग दो दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल वह जेल में बंद है, लेकिन उसका गिरोह अभी भी सक्रिय बताया जा रहा है।

मामले को लेकर नवगछिया एसपी प्रेरणा कुमार ने बताया कि ढोलबज्जा थाना प्रभारी से सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेज दिया गया है। थाना प्रभारी और पुलिस बल मौके पर मौजूद हैं और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यह मामला न केवल ढोलबज्जा बाजार के व्यापारियों के लिए चिंता का विषय है, बल्कि पूरे क्षेत्र में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: