


भागलपुर। मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के बिहारीपुर गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जब भागवत मंडल की पत्नी नीलम देवी के घर में अचानक आग लग गई। इस आगलगी की घटना में घर में रखा पूरा घरेलू सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया।

आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे आ गया। पीड़िता नीलम देवी ने बताया कि रोज की तरह वे घर के बाहर आंगन में खाना बना रही थीं। इसी दौरान घर के एक कमरे से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। जब तक वे कुछ समझ पातीं और आसपास के लोगों को आवाज देतीं, तब तक आग तेजी से फैल चुकी थी और पूरे घर में लपटें उठने लगीं।

आग की भयावहता के कारण घर में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन, बिस्तर सहित अन्य आवश्यक सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मधुसूदनपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है।

घटना की जानकारी मिलने पर पंचायत समिति प्रतिनिधि मनीष कुमार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि इस हादसे में हुए नुकसान को देखते हुए प्रशासन से मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल राहत सामग्री और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।












