4.8
(4)

नवगछिया : कर्नाटक के मैसूर जिले के हुनासुर में 28 दिसंबर को हुई करीब 10 करोड़ रुपये की ज्वेलरी लूट मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस सनसनीखेज वारदात में शामिल नवगछिया थाना क्षेत्र के पकरा गांव निवासी पंकज सिंह और दरभंगा निवासी छोटू सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। लुटेरों ने ज्वेलरी शोरूम से लगभग आठ किलो 34 ग्राम सोना और हीरे के गहने लूटे थे।

जानकारी के अनुसार, 28 दिसंबर रविवार को दोपहर 2:04 बजे से 2:09 बजे के बीच हुनासुर शहर स्थित स्काई गोल्ड शॉप में लुटेरे घुसे। हथियार के बल पर उन्होंने शोरूम के कर्मचारियों को बंधक बना लिया और महज पांच मिनट में करीब 10 करोड़ रुपये मूल्य के सोने व हीरे के गहनों पर हाथ साफ कर फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया था।

लूट के बाद शोरूम की मालकिन फातिमा मंजिल ने हुनासुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई। मामला दर्ज होते ही पुलिस ने विशेष जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश में कई टीमें गठित की गईं। कर्नाटक पुलिस ने एसटीएफ भागलपुर और एसटीएफ पटना के सहयोग से संयुक्त अभियान चलाया। जांच के दौरान मिले अहम सुरागों के आधार पर पंकज सिंह का नाम सामने आया।

इसके बाद संयुक्त टीम ने पकरा गांव में छापेमारी कर पंकज सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर दरभंगा से छोटू सिंह को भी दबोचा गया। पुलिस दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और लूटे गए सोने व गहनों की बरामदगी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस लूटकांड में आगे और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं। ज्वेलरी लुटेरों की पहचान के लिए वहां के डिप्टी एसपी के नेतृत्व में पांच इंस्पेक्टरों वाली पांच विशेष टीमें बनाई गई थीं। इन टीमों ने सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से लुटेरों के चेहरे के फोटो हासिल किए और जांच को आगे बढ़ाया। जांच में यह भी सामने आया है कि सभी लुटेरे दो बाइक पर सवार होकर शोरूम पहुंचे थे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 4.8 / 5. Vote count: 4

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: