



नवगछिया अनुमंडल अस्पताल के मुख्य गेट के बाहर खुले आसमान के नीचे कथित रूप से एक व्यक्ति द्वारा मरीज को इंजेक्शन देते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो के वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में तरह-तरह की चर्चा शुरू हो गई है और मामले ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

कुछ लोगों का कहना है कि जब अनुमंडल अस्पताल में डॉक्टर और उपचार की सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं, तब इस तरह खुले में इंजेक्शन देना अस्पताल प्रशासन को चुनौती देने जैसा प्रतीत होता है। वहीं, कई लोगों ने इसे स्वास्थ्य व्यवस्था की उपेक्षा और नियमों की अवहेलना के रूप में देखा।
हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वीडियो में दिख रहा व्यक्ति वास्तव में डॉक्टर है या नहीं, और इंजेक्शन किस परिस्थितियों में दिया गया। जीएस न्यूज़ अखबार इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता।


अस्पताल प्रशासन की ओर से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। स्थानीय लोग प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि वायरल वीडियो की जांच कराई जाए और यदि नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए।












