



भागलपुर ।
जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में आधारभूत संरचना से जुड़ी विभिन्न विभागीय योजनाओं की समीक्षा को लेकर जिला कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के कार्यपालक अभियंता एवं परियोजना निदेशक उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने भागलपुर जिला अंतर्गत महत्वपूर्ण लंबित योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की। विशेष रूप से उन योजनाओं पर चर्चा की गई, जो दो या अधिक विभागों के बीच समन्वय की कमी के कारण लंबित हैं।

पथ निर्माण विभाग, पथ प्रमंडल भागलपुर को विद्युत आपूर्ति प्रमंडल पूर्वी, शहरी से तीन योजनाओं के लिए इलेक्ट्रिसिटी यूटिलिटी शिफ्टिंग का प्राक्कलन अब तक प्राप्त नहीं हुआ है। हालांकि, तीनों योजनाओं का प्राक्कलन जिला स्तर से मुख्यालय भेजा जा चुका है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे व्यक्तिगत रूप से विभागीय स्तर पर फॉलोअप करें, ताकि कार्य में तेजी लाई जा सके।

वहीं, बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड, कार्य प्रमंडल भागलपुर द्वारा भागलपुर–गोराडीह मार्ग पर भागलपुर–बौसी रेलवे लाइन पुल संख्या–2 (आरयूबी) पर पहुँच पथ सहित आरओबी निर्माण कार्य के लिए जिला भू-अर्जन कार्यालय से एक्सपर्ट कमिटी का गठन अब तक लंबित पाया गया। इस पर जिलाधिकारी ने जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि एक्सपर्ट कमिटी का गठन प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र किया जाए, ताकि परियोजना को समय पर पूरा किया जा सके।

बैठक में सभी कार्यपालक अभियंताओं को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने विभाग की महत्वपूर्ण एवं बड़ी योजनाओं को चिन्हित करें, जिन्हें मुख्यमंत्री की बिहार समृद्धि यात्रा के दौरान प्रदर्शित किया जा सके। साथ ही जिन परियोजनाओं का शिलान्यास या उद्घाटन मुख्यमंत्री द्वारा प्रस्तावित है, उनके प्रस्ताव शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया गया।













