



सरस्वती पूजा को लेकर जिला शांति समिति की हुई बैठक
बिना लाइसेंस के नहीं निकलेगा जुलूस- एसएसपी
भागलपुर के समीक्षा भवन में मंगलवार को सरस्वती पूजा के दौरान शांति व्यवस्था एवं विधि व्यवस्था बनाए रखने हेतु डीएम डॉ नवल किशोर चौधरी तथा एसएसपी प्रमोद कुमार यादव की संयुक्त अध्यक्षता में जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जिला शांति समिति के सदस्यों द्वारा दिए गए सुझाव के आलोक में संबंधित विभाग द्वारा कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरस्वती पूजा विद्या की देवी की पूजा है तदनुसार पूजा का भी आयोजन श्रद्धा एवं भक्ति भाव से किया जाए। उन्होंने कहा बड़े पंडालों और विसर्जन के रास्ते में सीसीटीवी लगाया जाएगा। जिन कृत्रिम तालाबों में पानी की समस्या होती है नगर निगम तथा संबंधित नगर निकाय द्वारा वहां पानी की व्यवस्था की जाए। उन्होंने जिला शांति समिति के सदस्यों को कहा कि सरस्वती पूजा छोटे-छोटे बच्चे करते हैं तो यह भी नजर रखी जाए कि उनमें कोई उन्मादी तत्व शामिल न हो जाए। उन्होंने कहा कि कहीं कोई नशा या शराब इत्यादि का सेवन करता है, तो इसकी सूचना स्थानीय पदाधिकारी को दी जाए। उन्होंने कहा कि विसर्जन के समय ध्यान दिया जाए की 18 वर्ष से ऊपर के ही बच्चे पानी में उतरे ताकि कोई दुर्घटना ना हो सके। महत्वपूर्ण घाटों पर बिजली की व्यवस्था की जाएगी। डीजे पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने कहा कि थाना अपने यहां के.

डीजे वालों से बॉन्ड डॉन करवा लें। जहां भी बिजली के जर्जर तार हैं। उन्हें बिजली विभाग ससमय बदल दे साथ ही सरस्वती पूजा के अवसर पर एक नियंत्रण कक्ष भी कार्यरत रखें ताकि कहीं से कोई सूचना प्राप्त हो तो तत्काल जर्जर तार को बदला जा सके। उन्होंने कहा की पूजा पंडाल के समीप साफ- सफाई, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव पूर्व की भांति नगर निगम एवं नगर निकायों द्वारा कराई जाएगी। 26 जनवरी, गणतंत्र दिवस राष्ट्रीय पर्व को देखते हुए उन्होंने जिला शांति समिति से 24 जनवरी को ही प्रतिमा का विसर्जन करवा लेने तथा विशेष परिस्थिति में 25 जनवरी के 4 बजे अपराह्न तक सभी प्रतिमा का विसर्जन करवा लेने का आग्रह किया।

जिला शांति समिति को संबोधित करते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सभी पूजा पंडाल के लिए लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा। थाना अपने क्षेत्र के पूजा समितियों को तथा जिला शांति समिति भी इसे अपने क्षेत्र में अवगत करा दें। उन्होंने कहा कि लाइसेंस के लिए केवल एक आवेदन देना है। जिसमें 10 से 15 सदस्यों के नाम, उनके मोबाइल नंबर, आधार कार्ड उपलब्ध करा देना है। लाइसेंस निर्गत कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे उन्होंने कहा कि इससे जिला स्तर पर एक डाटा भी उपलब्ध रहेगा, कि कहां कहां पूजा पंडाल स्थापित है। ताकि कभी भी कोई सूचना प्राप्त होने पर समय पर रिस्पांस किया जा सके।

उन्होंने कहा कि डीजे पर पूर्णतया प्रतिबंध रहेगा। क्षेत्रीय भड़काऊ एवं अश्लील गाना पर पूर्णत प्रतिबंध रहेगा। सभी थाना पहले ही पेन ड्राइव या सीडी को मंगवाकर गाना चेक कर लेंगे। उन्होंने जिला शांति समिति से आग्रह करते हुए कहा कि 26 जनवरी को हमारा राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस है इसलिए 24 जनवरी को ही प्रतिमा का विसर्जन हो जाए। विशेष परिस्थिति में 25 जनवरी के 4 बजे अपराह्न तक निश्चित रूप से प्रतिमा का विसर्जन कर दिया जाए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर पूरी नजर रखी जाएगी।

अगर कोई भी अफवाह प्राप्त होता है तो संबंधित थाना या स्थानीय अधिकारी को सूचित करें ना कि फॉरवर्ड करें, अफवाह फॉरवर्ड करने वालों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जुलूस में नशे में कोई भी शामिल नहीं होंगे अगर नशे में कोई जुलूस में शामिल होता है तो उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जुलूस में कोई भी हथियार, लाठी, डंडा लेकर चलने पर पूर्णत प्रतिबंध रहेगा। जिला शांति समिति को उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, नगर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह, नगर आयुक्त किसलय कुशवाहा ने भी संबोधित किया। जिला शांति समिति के सदस्यों ने बारी बारी से अपनी बातों को रखा तथा जिला प्रशासन को बहुमूल्य सुझाव दिए। विगत वर्ष की सभी त्योहार की तरह इस वर्ष भी सरस्वती पूजा को शांतिपूर्वक संपन्न करने का संकल्प दोहराया।














