



भागलपुर जिले के पीरपैंती प्रखंड अंतर्गत मानिकपुर पंचायत के वार्ड संख्या 13 में अज्ञात कारणों से अचानक आग लगने से एक परिवार को भारी नुकसान उठाना पड़ा। इस अगलगी की घटना में स्व. रामप्रसाद साह की पत्नी गीता देवी का घर पूरी तरह प्रभावित हो गया।

आग की चपेट में आने से घर में रखा एक क्विंटल गेहूं, कंबल, गद्दा सहित घरेलू उपयोग का सारा सामान जलकर राख हो गया। इसके साथ ही घर में रखी लगभग 16 हजार रुपये की नगद राशि भी आग में जल गई। बताया जा रहा है कि घटना के समय घर में केवल वृद्ध गीता देवी और उनकी पुतहू मौजूद थीं।

अचानक आग लगने से घर में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी भयावह थी कि उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया। सूचना मिलते ही मुखिया पुत्र गुंजन कुमार मौके पर पहुंचे और तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
फायर ब्रिगेड की टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, तब जाकर स्थिति सामान्य हो सकी।
घटना की जानकारी मिलने पर भाजपा पंचायत अध्यक्ष विक्रम अभिषेक भी घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। वहीं पीड़िता गीता देवी ने बताया कि आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है और इस घटना के बाद उनके सामने रोजमर्रा की जरूरतों का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को शीघ्र मुआवजा और राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे दोबारा अपने जीवन को पटरी पर ला सकें।














