



नवगछिया । इस्माईलपुर थाना परिसर में बुधवार को सरस्वती पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से संपन्न कराने को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना अध्यक्ष धीरज कुमार और अंचलाधिकारी गौरव प्रकाश ने की। इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, पूजा समिति के सदस्य और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

थाना अध्यक्ष धीरज कुमार ने सभी से आपसी भाईचारे, शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि पूजा के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन के साथ सहयोग करें। उन्होंने बताया कि डीजे पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा और जुलूस, विसर्जन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

बैठक में संजय मंडल, मनोज कुमार भारती, सुजीत मंडल, रवि कुमार और अन्य लोगों ने भी अपने सुझाव साझा किए और प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। अंत में थाना अध्यक्ष ने कहा कि पुलिस प्रशासन हर समय मुस्तैद रहेगा और किसी भी समस्या या असामान्य स्थिति की सूचना तुरंत थाना को देने की अपील की।
इस बैठक के माध्यम से यह सुनिश्चित किया गया कि इस्माईलपुर क्षेत्र में सरस्वती पूजा शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो, जिससे सभी नागरिक सुरक्षा और आपसी सौहार्द के साथ इस पर्व का आनंद ले सकें।















