



भागलपुर। समृद्धि यात्रा–2026 के सफल आयोजन को लेकर गुरुवार को भागलपुर के समीक्षा भवन में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में समृद्धि यात्रा की तैयारियों को लेकर संबंधित विभागों के साथ बिंदुवार चर्चा की गई।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा समृद्धि यात्रा के प्रथम चरण की शुरुआत 16 जनवरी से पश्चिम चंपारण से की गई है, जो 24 जनवरी को वैशाली जिले में संपन्न होगी। द्वितीय चरण में मुख्यमंत्री फरवरी के दूसरे पखवाड़े में भागलपुर पहुंचेंगे। इसी क्रम में भागलपुर जिला प्रशासन द्वारा यात्रा से संबंधित तैयारियों की समीक्षा की जा रही है।

बैठक में मुख्यालय से उपलब्ध कराए गए निर्धारित प्रपत्र के आधार पर समृद्धि यात्रा से जुड़े कुल 32 बिंदुओं पर संबंधित विभागों से प्रतिवेदन की मांग की गई। इनमें 7 निश्चय–2, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, विद्युत शवदाह गृह, प्रखंडों में मोक्षधाम, मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना, औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना, प्रखंडों में आदर्श विद्यालय, डिग्री कॉलेज की स्थापना, स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, ग्राम संपर्क योजना, दाखिल-खारिज, परिमार्जन, भूमि विवाद निपटारा, राशन कार्ड, राजस्व महाअभियान, स्पोर्ट्स क्लब का गठन, अभियंत्रण कॉलेज एवं महिला आईटीआई की स्थापना जैसे महत्वपूर्ण बिंदु शामिल हैं।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि निर्धारित बिंदुओं पर अद्यतन एवं सटीक प्रतिवेदन समय पर उपलब्ध कराएं, ताकि समृद्धि यात्रा के दौरान जिले की उपलब्धियों और योजनाओं को प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया जा सके।
बैठक में उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह सहित सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासनिक स्तर पर यह स्पष्ट किया गया कि समृद्धि यात्रा जिले के विकास कार्यों को गति देने का एक महत्वपूर्ण अवसर है, जिसे पूरी गंभीरता और समन्वय के साथ सफल बनाया जाएगा।













