0
(0)

आठवीं के छात्र की हालत नाजुक, मायागंज में भर्ती

भागलपुर। स्कूली बच्चों के बीच हुआ एक मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। इस घटना में दो परिवार आमने-सामने आ गए, जिसमें दोनों पक्षों से कुल छह लोग घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज भागलपुर के मायागंज अस्पताल में चल रहा है। घटना इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के सुदान टोला की है।

इस घटना में सबसे गंभीर रूप से घायल आठवीं कक्षा के छात्र मनीष कुमार की हालत नाजुक बनी हुई है। मनीष को ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है। परिजनों के अनुसार मनीष गांव के ही एक स्कूल में पढ़ाई करता है।

परिजनों ने बताया कि गुरुवार को स्कूल में मनीष का अपने सहपाठी प्रिंस से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद के दौरान गाली-गलौज हुई और इसी क्रम में मनीष ने प्रिंस को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद प्रिंस के परिजन स्कूल पहुंच गए और आरोप है कि शिक्षकों के सामने ही मनीष की लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई कर दी गई, जिससे वह बेहोश होकर गिर पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही स्कूल प्रशासन ने डायल 112 पर पुलिस को जानकारी दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस की मदद से घायल मनीष को पहले नवगछिया अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।

उधर, बेटे की गंभीर हालत की जानकारी मिलते ही मनीष के परिजन आक्रोशित हो गए और आरोपी पक्ष के घर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच फिर से विवाद बढ़ गया और जमकर मारपीट व पथराव हुआ।

इस दूसरी झड़प में मनीष के पिता दिलीप मंडल का सिर फट गया, जबकि राजकुमार और राधा देवी को भी चोटें आई हैं। वहीं, दूसरे पक्ष से प्रिंस के चाचा को भी गंभीर चोटें आने की सूचना है।

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है। वहीं, स्कूल परिसर में हुई इस हिंसक घटना ने विद्यालयों में छात्रों की सुरक्षा और अनुशासन व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: